इटखोरी | राष्ट्रीय वेक्टर जनित नियंत्रण कार्यक्रम चतरा के तहत बुधवार रात गुल्ली मोड़ पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटखोरी के द्वारा शिविर लगाकर रात्रि रक्त पट्ट संग्रह का आयोजन किया गया। आयोजित शिविर में उक्त पंचायत के 90 लोगों से रक्त संग्रह किया गया। यहां 8 बजे रात्रि से लेकर 12 बजे रात्रि तक शिविर का आयोजन हुआ। 90 लोगों के लिए गए रक्त को पहले इटखोरी अस्पताल में फाइलेरिया उन्मूलन से संबंधित जांच किया जाएगा। फिर उन्हें जांच रिपोर्ट सुपुर्द कर दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 26 मई की रात्रि पितीज शिव मंदिर प्रांगण में 80 लोगों का रक्त संग्रह किया गया था। यहां से तकरीबन 300 लोगों का रक्त संग्रह किया गया है। शिविर को सफल बनाने में लैब टेक्नीशियन आंशु रंजन, एमपीएस सुमंत पांडेय, एमपीडब्ल्यू सीमांत बावरी, वेद प्रकाश, एनएम संगीता, बीटीटी मीणा, सहिया दीदी और सीएचओ तनुजा आदि जुटे रहे।


