भास्कर न्यूज | चतरा चतरा की नई डीसी कृतिश्री योगदान देने के दूसरे ही दिन गुरुवार को स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लेने सदर अस्पताल पहुंची। इस दौरान उन्होंने सदर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सके, इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उपायुक्त ने सदर अस्पताल के जांच घर, फिजियोथेरेपी विभाग, मातृ शिशु अस्पताल, ऑपरेशन कक्ष, एसएनसीयू कक्ष, चाइल्ड वार्ड, आईसीयू, ओपीडी और अन्य संबंधित विभागों का जायजा लिया। अस्पताल निरीक्षण के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनका सदर अस्पताल का यह पहला निरीक्षण है। यहां की व्यवस्थाओं को देखने के बाद अस्पताल प्रबंधन को जो भी कमियां है, उसे दुरुस्त करने का निर्देश दे दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि कोविड के नए वेरिएंट से निपटने की तैयारी पुख्ता रखने का निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिया गया है। सदर अस्पताल में जो भी संसाधन है उसका बेहतर तरीके से उपयोग करते हुए आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।


