नारायणपुर| ओरछा ब्लाक में समाधान शिविर का आयोजन गुरुवार को किया गया। जिसमें ग्राम पंचायत ढांेढरबेड़ा, कोडोली, मंडाली, मुरूमवाड़ा, हिकुल, पिड़ियाकोट, थुलथुली, हांदावाड़ा, पोचावाड़ा, रेकावाया, डुंगा, जाटलूर, आदेर, ओरछा, गोमागाल, गुदाड़ी और लंका के ग्रामीण शामिल हुए और अपनी समस्याओं का निराकरण कराया। शिविर में क्रेडा, कृषि, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशुधन विकास व अन्य विभाग के अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी उपस्थित ग्रामीणों को दी गई। जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि समाधान शिविर में किसी भी प्रकार की समस्या या मांग के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आपके गांव में सरकार पहुंची है सड़क, पुल पुलिया, बिजली, पानी स्वास्थ्य संबंधी कोई भी किसी भी प्रकार की समस्या हो तो आवेदन कर निराकरण किया जा सकता है। अबूझमाड़ क्षेत्र के विकास के लिए सबसे पहले क्षेत्र को शिक्षित करना पड़ेगा, जिससे स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल सहित सरकार के सभी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक हो सकेंगे। उन्होंने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से आग्रह करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारने हम सभी को आगे आना पड़ेगा।


