बिलासपुर में गुरुवार दोपहर खंड वर्षा हुई। सरकंडा के मोपका, सीपत और मस्तूरी क्षेत्र में बारिश हुई, जबकि शहर में बदली छाई रही। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.2 डिग्री कम रहा। वहीं, बदली और बारिश के बीच उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी बारिश होने की संभावना जताई है। मानसून की बात करें तो छत्तीसगढ़ में नौतपा के बीच 28 मई को मानसून की एंट्री हुई है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अब अगले 24 से 48 घंटों में मानसून राजधानी में एंटर कर सकता है। इसके साथ आज भी पूरे प्रदेश में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। कई क्षेत्र में बारिश, तो कई क्षेत्र में उमस भरी गर्मी इससे पहले बुधवार रात सरकंडा सहित अन्य इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिसके असर से गुरुवार की सुबह मौसम खुशनुमा रहा। हालांकि, सुबह 10 से 11 बजे के बाद धूप निकल गई, जिसके चलते पूरे दिन उमसभरी गर्मी रही। दोपहर में बदली छाई रही। इस दौरान शहर के सरकंडा, मोपका, सीपत के साथ ही मस्तूरी क्षेत्र के बारिश हुई। जिसके बाद शाम को भी आसमान में बदली छाई रही। लेकिन, इसके बाद भी लोगों को उमस से राहत नहीं मिली। 4 मिमी बारिश दर्ज गुरुवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री रिकॉर्ड हुआ जो कि सामान्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। एक दिन पहले अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री दर्ज हुआ था। यह सामान्य से 6.6 डिग्री कम था। बुधवार की रात को 9 मिमी तो गुरुवार की शाम को 4 मिमी बारिश दर्ज हुई। आज भी बारिश होने की संभावना मौसम विभाग के मुताबिक, एक अवदाब उत्तर पश्चिम बंगाल के खाड़ी पश्चिम बंगाल तट से दूर बांग्लादेश तट के पास लगभग उत्तर दिशा में 20 किमी प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ रहा है। इसके और अधिक प्रबल होकर गहरा अवदाब के रूप में परिवर्तित होने की संभावना है। इसके लगातार उत्तर दिशा में आगे बढ़ते हुए पश्चिम बंगाल तट- बांग्लादेश तट के बीच सागर द्वीप और खेपूपारा के बीच 29 मई को पार करने का अनुमान है। एक पश्चिमी विक्षोभ 75 डिग्री पूर्व और 32 डिग्री उत्तर में स्थित है। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उसके आसपास स्थित है। एक द्रोणिका दक्षिण पूर्व राजस्थान से गहरा अवदाब के केंद्र तक उत्तर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, गंगेटिक पश्चिम बंगाल होते हुए 0.9 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से शुक्रवार को बिलासपुर समेत प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।


