टीकमगढ़ जिले में केन-बेतवा लिंक परियोजना से लोगों को अवगत कराने के लिए जन जागरूकता शिविर लगाए जा रहे हैं। मंगलवार शाम को ग्राम पंचायत अनंतपुरा में शिविर लगाया गया। इस दौरान लोगों को बताया गया कि नदी जोड़ो परियोजना से टीकमगढ़ जिले के 131 गांव को लाभ होगा। शासकीय गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्य प्रवीण झाम ने बताया कि केन-बेतवा लिंक परियोजना के जन जागरण को लेकर आज ग्राम पंचायत अनंतपुरा में एक रैली निकाली गई। इसके बाद जागरूकता कार्यक्रम रखा गया। इस मौके पर कृषि विस्तार अधिकारी केपी अहिरवार ने केन बेतवा लिंक परियोजना की जानकारी दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिव मोहन गिरि ने कहा कि केन बेतवा लिंक परियोजना हमारे बुंदेलखंड के लिए वरदान साबित होगी। क्योंकि इसके पहले चरण में हमारे जिले की चार तहसील के 131 गांवों को शामिल किया जा रहा है। परियोजना के पूरा हो जाने पर किसानों को सिंचाई और पीने के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा। इससे हमारे किसान का जीवन सुखी और सम्पन्न होगा। उसे रोजगार के लिए महानगरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। वह एक वर्ष में तीन से चार फसलें ले सकेगा। इस दौरान भारतीय किसान संघ जिलाध्यक्ष शिव मोहन गिरि, महाविद्यालय की जन भागीदारी समिति अध्यक्ष अनुपमा नायक, कॉलेज प्राचार्य प्रवीण झाम, कृषि विस्तार अधिकारी केपी अहिरवार, इंजीनियर सिंचाई विभाग मूलचंद अहिरवार सहित ग्रामीण मौजूद रहे।


