बूंदी की तालेड़ा पुलिस ने बरधा डेम से अवैध रूप से मछलियों का शिकार करते हुए तीन शिकारियों को पकड़ा है। इन लोगों के पास से 6 क्विंटल मृत मछलियां बरामद की हैं। शिकारियों ने इन मछलियों को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में 13 कार्टन में भरा था। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तालेड़ा एसएचओ अजित बगडोलिया ने बताया कि एसपी के निर्देश पर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीम अलर्ट थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बरधा डेम पर कुछ लोग मछलियों का बड़े पैमाने पर अवैध शिकार कर रहे थे। इस पर एएसआई बृजराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम कार्रवाई के लिए रवाना की। पुलिस टीम को बरधा डेम के रास्ते पर जाल की झोपड़ियों के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी मिली। ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाश लेने पर इसमें 13 कार्टन में करीब 6 क्विंटल मृत मछलियां भरी हुई थी। पुलिस ने अवैध रूप से मछलियों का शिकार करने के आरोप में ट्रैक्टर-ट्रॉली के ड्राइवर नवल गुर्जर निवासी जाल की झोपड़ियां, साजन कुमार निवासी सीतामढ़ी (बिहार) और मुन्ना कुमार मांझी निवासी मोतिहारी, चंपारण (बिहार) को गिरफ्तार किया है। मछलियों के अवैध शिकार के बारे में आरोपियों से पूछताछ की तो बालापुरा निवासी देव प्रकाश गुर्जर और जलोदी निवासी राजाराम गुर्जर का नाम सामने आया है। पुलिस ने जब्त मृत मछलियों के निस्तारण को लेकर मत्स्य विभाग को पत्र लिखा है।


