केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान के विरोध में कांग्रेस और बसपा पदाधिकारियों ने अलग-अलग पैदल मार्च निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने गृह मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस और बसपा के कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा संसद में की गई टिप्पणी के विरोध में बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा भीमराव अंबेडकर पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च कर विरोध प्रदर्शन किया गया। सबसे पहले अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और कलेक्ट्रेट तक अंबेडकर मार्च निकाला। पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंप कर राष्ट्रपति से गृहमंत्री अमित शाह को बर्खास्त करने की मांग की। साथ ही टिप्पणी पर उचित कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान जम कर नारेबाजी की। बसपा प्रदेश महासचिव हरि सिंह तेमरिया और कांग्रेस जिला अध्यक्ष शिवराज मीना ने बताया कि शीतकालीन सत्र के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर विवादित व अमर्यादित बयान दिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री का बयान अंबेडकर के प्रति गहरी संवेदनहीनता व जातिवादी मानसिकता को भी प्रदर्शित करता है। बयान से बहुजन समाज सहित अन्य वर्ग के लोगों के आत्म सम्मान व स्वाभिमान को ठेस पहुंची है। इसको लेकर समाज के हर वर्ग में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री की डॉ. भीमराव अंबेडकर पर अशोभनीय टिप्पणी के विरोध बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा है। साथ ही राष्ट्रपति से उचित कार्रवाई की मांग की है।


