मैहर में बिजली बिलों को लेकर दफ्तर के चक्कर काट-काट के परेशान ग्रामीणों के लिए विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने एक पहल शुरू की है। इसके तहत बिजली विभाग के अफसर अब ग्रामीणों के बीच पहुंच कर उनकी समस्या का निराकरण करेंगे। इसकी शुरुआत विधायक ने मंगलवार को नादन से की। बिल कम होने से लोग संतुष्ट नादन मंडल में आयोजित शिविर में आस-पास के गांवों से अपनी समस्याएं ले कर पहुंचे। ग्रामीणों से बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मिले। सबसे ज्यादा केस किसानों के मोटर बिलों के सामने आए। कम हॉर्स पावर की मोटर के अधिक बिलिंग की शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया। कई ऐसे मामले भी थे, जिनमें बिल को लेकर भ्रम की स्थित थी। उन लोगों को सारी जानकारी दे कर संतुष्ट किया गया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, जिला पंचायत सदस्य देवदत्त सोनी, कई गांवों के सरपंच, बिजली विभाग के अधिकारी कर्मचारियों समेत ग्रामीण मौजूद रहे।


