कटनी युवक कांग्रेस ने मंगलवार को कचहरी चौराहे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सहारा निवेशकों के रुपए वापस किए जाने के और बगैर नीलामी के जमीन खरीदने वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान युवक कांग्रेस के नेता एसडीएम कार्यालय स्थित गेट पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। जिसे रोकने के लिए पुलिस ने वाटर केनन से पानी की बौछार करा दी। साथ ही कांग्रेस नेताओं को पकड़कर गिरफ्तार कर लिया गया। युवक कांग्रेस नेताओं ने इस प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। युवक कांग्रेस अध्यक्ष दिव्यांशु मिश्रा अंशु ने आरोप लगाते हुए कहा कि कटनी जिले के विजयराघवगढ़ से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री संजय पाठक ने अपने पद का दुरुपयोग कर सहारा अधिकारियों की मिलीभगत करते हुए बिना ऑक्शन कराए। सहारा इंडिया के हजारों करोड़ की जमीनों को औने-पौने दाम पर अपने परिजनों के नाम पर खरीदा है। उन्होंने भोपाल में 110 एकड़ जमीन, कटनी में 100 एकड़ जमीन, जबलपुर में 100 एकड़ जमीन बिना ऑक्शन प्रक्रिया कराए अपने परिजनों के नाम 2022 में लगभग 90 करोड़ रुपए में खरीदी है। इन जमीनों की वास्तविक कीमत लगभग 1000 करोड़ रुपए है, यह पैसा उन आम निवेशकों को मिलना था जिन्होंने अपनी गाढ़ी कमाई सहारा में जमा की थी। युवक कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कोर्ट के आदेश अुनसार सहारा की जमीनों का ऑक्शन कर पैसा सेबी, सहारा के ज्वाइंट अकाउंट में जमा करना था और आम निवेशकों को देना था। भोपाल की जमीन में उस प्रक्रिया को भी दरकिनार किया गया। सहारा के कई निवेशक बड़े उद्योगपति, डॉक्टर भी है, आम निवेशक भी स्वंय ठगा महसूस कर रहे है। युवा कांग्रेस सरकार से मांग करती है इन जमीनों की रजिस्ट्री निरस्त कर इनकी विधिवत प्रक्रिया के साथ री-टेंडरिंग कर आम निवेशकों को पैसा बगैर किसी देरी के वापस किया जाए। ताकि बड़ी और सही रकम खातों में पहुंचे और निवेशक लाभान्वित हो। जांच होने पर हज़ारो करोड़ की बेनामी संपत्ति, मनी लांड्रिंग, हवाला का भी बड़े सिंडिकेट का खुलासा होगा। विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता प्रियदर्शन गौड़, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अमित शुक्ला, गणेश राव, नीरज बघेल, विजय पटेल, मौसूफ़ अहमद बिट्टू, ब्लॉक अध्यक्ष कमल पांडे, मुकेश यादव, मोहम्मद इसराइल, राहुल पटेरिया, आईटी अध्यक्ष सुरेंद्र राणा सहित काफी संख्या कार्यकर्ताओं और निवेशकों की उपस्थिति रही।


