छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में लगातार बाइक चोरी की घटना घटित हो रही है। चोर साप्ताहिक बाजार में मास्टर की के जरिए चोरी की घटना को अंजाम दे रहे थे। जहां आज पुलिस ने 3 बाइक चोरों को पकड़ते हुए उनके पास से चोरी की 9 बाइक बरामद की है। वहीं पुलिस दो फरार चोर की तालाश कर रही है। मामले का खुलासा करते हुए नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला ने बताया कि शनिवार को एक युवक चोरी की बाइक को बेचने के लिए ग्राम तेतला के पास ग्राहक तालाश कर रहा था। तभी मामले की सूचना पुसौर थाना प्रभारी रामकिंकर यादव को लगी। ऐसे में पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदेही युवक को पकड़ा। जिसके बाद उससे पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सांगीतराई निवासी गौरीशंकर दास 19 साल बताया। उसने पूछताछ में बाइक चोरी करना कबुल किया और बताया कि वह अपने साथी विकेश महंत, मोहन महंत, छुहीपाली निवासी दुरेन्द्र मैत्री और सांगीतराई निवासी गौतम पटेल के साथ पिछले तीन-चार महीनों से साप्ताहिक बाजारों में मास्टर चाबी से बाइक चोरी करता था। इसके बाद उसे सस्ते दामों में वे बेच देते थे। घर के पीछे छिपा रखा था बाइक
पुलिस ने आरोपी के घर के पीछे छिपाकर रखी गई 6 बाइक बरामद की। इसके बाद पुलिस ने उसके साथी दुरेन्द्र मैत्री और गौतम पटेल को गिरफ्तार किया। उन्होंने भी अपने साथियों के साथ मिलकर बाजारों से बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। दुरेन्द्र के पास से 3 बाइक बरामद की गई। इसके बाद उसके अन्य साथियों के ठिकानों पर पुलिस ने दबिश दी, लेकिन विकेश महंत व मोहन महंत फरार हो गए थे। जिनकी पतासाजी की जा रही है।
इन थाना क्षेत्रों से की चोरी
पूछताछ में पता चला कि जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से उन्होंने 6 बाइक की चोरी की है। जिसमें कोतवाली, कोतरारोड, चक्रधरनगर, पुसौर, भूपदेवपुर व सरिया (जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़) थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित हैं। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।


