पाइपलाइन में कई लीकेज, आज मरम्मत के लिए बंद रहेगी सप्लाई

रुक्का शहरी जलापूर्ति योजना के अंतर्गत राइजिंग पाइपलाइन में कई स्थानों पर लीकेज है। रहमान हॉस्पिटल, चॉकलेट फैक्ट्री हुटाप, रुक्का मेन गेट, सुधांशु स्कूल आैर रुक्का चौक के पास पाइपलाइन क्षतिग्रस्त है। इस वजह से रोजाना सैकड़ों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। मानसून के आगमन को देखते हुए सभी लीकेज की मरम्मत कराने में पेयजल विभाग जुट गया है। इसी क्रम में सेामवार को रुक्का प्लांट से जलापूर्ति पूरी तरह ठप रहेगी। पेयजल प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर ने बताया कि सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक जलापूर्ति बंद रहेगी। इस दौरान टाउन लाइन, नामकुम, रातू रोड, हटिया सहित सभी लाइन में जलापूर्ति नहीं होगी। मतलब शहर के पांच लाख से अधिक आबादी को पीने का पानी नहीं मिलेगा। लोगों को बाजार से पानी खरीदकर काम चलाना होगा या बोरिंग के पानी का इस्तेमाल करना होगा। देर शाम तक लीकेज ठीक हो गया तो रात में जलापूर्ति होगी। अगर लीकेज बनाने में समय लगा तो 3 जून को जलापूर्ति की जाएगी। हालांकि, लोगों को परेशानी न हो इसलिए रविवार को भी पर्याप्त जलापूर्ति की गई। लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *