भास्कर न्यूज | अमृतसर भाटिया वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की पुरानी कार्यकारिणी का दो साल का कार्यकाल पूरा हो गया। जनरल हाउस में कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया। नई कार्यकारिणी के लिए चुनाव की घोषणा कर दी गई है। मुकेश भाटिया को सर्वसम्मति से मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ दो सह चुनाव अधिकारी हरी कृष्ण भाटिया और हर्बंस सिंह भाटिया होंगे। तीनों अधिकारी चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराएंगे। मुकेश भाटिया ने प्रेस वार्ता में बताया कि भाटिया वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की स्थापना वर्ष 2006 में पूर्व गवर्नर रघुनंदन लाल भाटिया की अध्यक्षता में हुई थी। इसका उद्देश्य भाटिया बिरादरी के जरूरतमंद लोगों की मदद करना है। हर साल गरीब और होनहार बच्चों के साथ बेसहारा लोगों को सहायता दी जाती है। उन्होंने बताया कि कार्यकारिणी भंग होने के बाद भाटिया बिरादरी के सभी कामों पर रोक लगा दी गई है। चुनाव प्रक्रिया 4 जून से शुरू होगी। नामांकन पत्र 4 जून को भाटिया गन हाउस में भरे जाएंगे। 5 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 6 जून को नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 8 जून को क्राउन हॉल, सर्विस क्लब में दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। उसी दिन नतीजों की घोषणा कर दी जाएगी। मुकेश भाटिया ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे। चुनाव पूरी पारदर्शिता से कराए जाएंगे।


