इंडियन एकेडमी ऑफ फाइन आर्ट्स का 12वां समर आर्ट कैंप- फेस्टिवल शुरू, 30 तक चलेगा

भास्कर न्यूज | अमृतसर इंडियन एकेडमी ऑफ फाइन आर्ट्स की ओर से 12वां समर आर्ट कैंप एंड फेस्टिवल-2025 शनिवार को शुरू हुआ। समर कैंप का शुभारंभ संस्था के प्रधान रजिंदर मोहन सिंह छीना ने किया। उन्होंने कहा कि आर्ट गैलरी का मकसद उभरते कलाकारों को मंच देना है। यह कैंप 1 से 30 जून तक चलेगा। नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर के सहयोग से हो रहे इस कैंप में हर उम्र के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर सुखपाल सिंह, डॉ. एएस चमक, नरिंदर सिंह, कुलवंत सिंह गिल, सुभाष चंद्र, तजिंदर कौर छीना, नरिंदर सिंह स्कल्पचर, सरला बब्बर, नरिंदर नाथ कपूर सहित शहर के कई मशहूर कलाकार और अन्य हस्तियां मौजूद रहीं। छीना ने बताया कि गर्मियों की छुट्टियों में बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ हुनर से जुड़ी गतिविधियों से जोड़ने के लिए यह मंच दिया गया है। कैंप में हर मंगलवार से रविवार तक अनुभवी ट्यूटर और कलाकार बच्चों को मूर्तिकला, चित्रकला, नृत्य, हस्तकला, कैलीग्राफी, शिल्पकला, संगीत, थिएटर और फिल्म निर्माण की ट्रेनिंग देंगे। इसके अलावा गणेशा वॉल पेंटिंग, डोकरा आर्ट, लिपान और थ्री डी मंडाला जैसी खास कलाओं की भी शिक्षा दी जाएगी। फोटोग्राफी, प्रदर्शनी और लाइव डेमो जैसे साप्ताहिक कार्यक्रम भी होंगे। छीना ने बताया कि कैंप के अंत में बच्चों की बनाई कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस मौके पर ‘एग्जीबिशन ऑफ अफोर्डेबल आर्ट’ भी लगाई गई। इसमें नए और नामी चित्रकारों की पेंटिंग्स रखी गईं। इनकी कीमतें बहुत वाजिब थीं। रंगोली कला पर एक खास डेमो भी हुआ। इसमें धरमिंदर शर्मा और अतुल मट्टू ने रंगोली बनाने की तकनीक और गुर बताए। कार्यक्रम की शुरुआत में आर्ट गैलरी के जनरल सेक्रेटरी डॉ. पीएस ग्रोवर ने छीना का स्वागत किया।उन्होंने कहा कि कला सिर्फ रंगों की रचना नहीं, बल्कि जीवन को संवारने का माध्यम है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *