तातापानी महोत्सव 2025..कलेक्टर ने अफसरों को सौंपी जिम्मेदारी:14, 15 और 16 जनवरी को आयोजन, मंदिर परिसर में की जा रही साफ-सफाई

बलरामपुर जिले में होने वाले तातापानी महोत्सव मकर संक्रांति पर्व 2025 के लिए कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रेना जमील को नोडल अधिकारी और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बलरामपुर अमित श्रीवास्तव को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। जानकारी के मुताबिक बलरामपुर जिले में हर साल की तरह इस साल भी 3 दिवसीय तातापानी महोत्सव 2025 का आयोजन 14, 15 और 16 जनवरी 2025 को किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंदिर परिसर में रंग-रोगन और साफ-सफाई की जा रही है। कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने पुलिस अधीक्षक बैंकर वैभव रमनलाल को सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग और मेला स्थल पर कन्ट्रोल रूम की स्थापना, वनमण्डलाधिकारी अशोक तिवारी को बैरिकेडिंग, अन्य आवश्यकताओं के लिए जिम्मेदारी दी है। इसी प्रकार संबंधित और विभागीय अधिकारियों को विभिन्न कार्यों का दायित्व सौंपा गया है। तातापानी प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल है, जहां लोग धरती के अंदर से निकल रहे गर्म पानी के कुंड को देखने के लिए आते हैं। मान्यता है कि यहां के गर्म पानी में नहाने से कई बीमारियां दूर हो जाती हैं। यहां प्राचीन शिव मंदिर है। बाद में प्रशासन ने यहां भगवान शिव की विशालकाय प्रतिमा स्थापित की है। यहां मकर संक्रांति के मौके पर 14 जनवरी को भव्य मेला लगता है। तातापानी महोत्सव को देखने के लिए यहां आने वाले लोगों के मनोरंजन के लिए झूला, मौत का कुआं और मीना बाजार भी लगाया जाता है। वहीं मेले में आने-जाने वाले वाहनों को व्यवस्थित रखने के लिए पार्किंग स्थल की भी व्यवस्था की जाती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *