कोडरमा के छतरबर गांव में बीती रात एक व्यक्ति की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 41 वर्षीय शंकर गुप्ता के रूप में हुई है। घटना रात को हुई, जब शंकर खाना खाने के बाद छत पर टहल रहे थे। छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की तार की वो चपेट में आ गए। मृतक के भतीजे अक्षय कुमार गुप्ता ने बताया कि यह लाइन छत से बहुत कम ऊंचाई पर थी। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग को इस खतरनाक स्थिति की शिकायत की थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। मृतक के दो छोटे बच्चे और पत्नी हैं, जिनकी जिम्मेदारी वे अकेले संभाल रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची। शुरू में परिजनों ने शव को पुलिस को सौंपने से मना कर दिया। मंगलवार सुबह पुलिस और बिजली विभाग के कर्मचारी मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार को सरकारी राहत कोष से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। मुम्बई में था चालक, पिछले एक वर्ष से गांव में ही रह रहा था बताते चलें कि मृतक पेशे से चालक था और काफी वर्षों से मुम्बई में मिक्सर मशीन व हाइवा जैसे बड़े वाहनों को चलाने का काम करता था। अभी बीते एक साल पूर्व ही छठ पूजा के समय वे गांव आए थे और गांव में अपना एक पक्का मकान का निर्माण करवा रहे थे।


