21 जून को स्कूलों में धूमधाम से मनाया जाएगा योग दिवस

भास्कर न्यूज | बागडेहरी योगमय झारखंड के तहत अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां जामताड़ा में तेज हो गई हैं। सोमवार को कुंडहित प्रखंड मुख्यालय स्थित संसाधन केंद्र के मैदान में विशाल योगाभ्यास कार्यक्रम हुआ। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और आम लोगों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही 21 जून को होने वाले योग दिवस की तैयारियों को गति देना है। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से की गई। इसमें प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मिलन घोष, सेवानिवृत्त शिक्षक अर्जुन मंडल और पतंजलि योगपीठ के वरिष्ठ योग प्रशिक्षक बसंत कुमार शामिल रहे। योगाभ्यास सत्र का संचालन पतंजलि योगपीठ के जिला संयोजक हेमंत कुमार, प्रशिक्षण प्रभारी बसंत कुमार और कुंडहित के योग प्रशिक्षक रंजन माजी ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न आसनों और प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया। साथ ही योग के लाभों पर भी विस्तार से जानकारी दी। सभी ने सामूहिक योगाभ्यास कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई। योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जताई। जागरूकता रैली और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मिलन घोष ने बताया कि योग ओलंपियाड की तैयारियों के लिए 12 जून तक राज्य स्तरीय प्रतिभागियों का प्रशिक्षण शिविर चलेगा। 11 जून को विद्यालय स्तर पर सामूहिक सूर्य नमस्कार और योग अभ्यास होगा। 12 जून को स्कूलों में “योग क्लब” बनाए जाएंगे। 19 से 20 जून तक योग आधारित क्विज, निबंध लेखन और चित्रांकन प्रतियोगिताएं होंगी। 21 जून को 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जिले के सभी स्कूलों में हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। इस दिन सामूहिक योगाभ्यास, योग प्रदर्शन, जागरूकता रैली और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *