कोडरमा में दो गायों की मौत से बवाल:एक की करंट लगने से, दूसरी एम्बुलेंस से टकराकर मरी, लोगों ने किया सड़क जाम

कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में गायों की मौत से शहर में आक्रोश फैल गया। एक गाय की मौत बिजली के खंभे में करंट लगने से हुई, जबकि दूसरी गाय को एम्बुलेंस ने टक्कर मार दी। दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और शहर के मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने बिजली विभाग और नगर परिषद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पूर्णिमा टॉकीज के पास करंट लगने से मरी पहली गाय पहली घटना पूर्णिमा टॉकीज के पास की है। यहां सड़क किनारे चर रही एक गाय बिजली के खंभे से टकरा गई। खंभे में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिससे गाय की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। खंभों की समय-समय पर जांच नहीं होने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। दूसरी घटना में एम्बुलेंस की टक्कर से गई जान दूसरी घटना समांतों काली मंदिर के पास की है। यहां एक एम्बुलेंस ने गाय को टक्कर मार दी। हादसे में गाय बुरी तरह घायल हो गई। पास की मेडिकल दुकान के संचालक ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल पशु चिकित्सक को बुलाया। चिकित्सक के पहुंचने तक गाय की हालत नाजुक हो गई और करीब 15 मिनट के भीतर उसकी मौत हो गई। एम्बुलेंस में एक मरीज भी था, जिसे लोगों ने जाने दिया। प्रदर्शनकारियों ने उठाई मांगें इन दोनों घटनाओं से आक्रोशित लोगों ने शहर के मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग घंटों जाम में फंसे रहे। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मांग की कि शहर में नियमित रूप से बिजली खंभों की जांच होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों। साथ ही उन्होंने नगर परिषद और पशुपालन विभाग से शहर में 24 घंटे पशु एम्बुलेंस सेवा चालू करने की मांग की। लोगों ने कहा कि पशुपालन विभाग की ओर से चलंत एम्बुलेंस की सुविधा सिर्फ कागजों में है, जबकि जमीनी स्तर पर इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है। पुलिस ने समझाकर जाम हटवाया घटना की जानकारी मिलते ही तिलैया थाना के एसआई सुबोध कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाया और शांत कराया। काफी देर की मशक्कत के बाद सड़क से जाम हटवाया जा सका और यातायात सामान्य हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *