कांकेर जिले में एक ऑटो छोटे पुल से टकराकर पलट गया। मालगांव में मंगलवार (3 जून) को हुए हादसे में 4 लोग घायल हुए है। बताया जा रहा है चालक सवारी बैठाकर तुलतुली से पीड़ापाल की ओर आ रहा था तभी झपकी आने से हादसा हुआ। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। सभी घायलों को हाथ-पैर में चोटें आईं और कुछ को आंतरिक चोटें भी लगीं। प्राथमिक उपचार मालगांव उप स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। बेहतर इलाज के लिए सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इसी दौरान पखांजुर में एक अन्य हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। 3 जून को हाई स्कूल के पास रंजीत महलदार (55 साल) की मोटरसाइकिल को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घायलों में बुजुर्ग भी शामिल ऑटो (क्रमांक सीजी 19 बीएल 7197) के चालक सुखराम कावड़े के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। वहीं घायलों में भैंसगांव के 60 वर्षीय समदेर मंडावी, 35 वर्षीय सियाराम मंडावी, बारदेवरी की 46 वर्षीय सुनीता नाग और तुलतुली की 50 वर्षीय बिंदा दुग्गा शामिल हैं। कार ने बाइक को मारी टक्कर वहीं, 25 मई को पखांजुर में एक और दुर्घटना हुई। शनि मंदिर के पास एक स्विफ्ट कार ने विपल्व शील की बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


