गुमला जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कुरुमगढ़ थाना के पास टेंपो के पलटने से कुटमा निवासी शिव मुंडा (24) की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में 12 अन्य यात्री घायल हो गए। टेंपो सवार सभी लोग थाना जा रहे थे। घायलों में टेंपो चालक सोमनाथ मुंडा (25) समेत भिखराम असुर, बिरसू असुर, चयू असुर, झलकी असुर, भादो असुर, सुंदरी असुर, अगनू असुर, युवरानी असुर, बंधैन असुर और बीजमू असुर शामिल हैं। कुरुमगढ़ पुलिस और स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया। युवती के चाचा ने युवक के खिलाफ थाने में की थी शिकायत घटना का कारण एक प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। युवरानी असुर का प्रेम प्रसंग कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र के एक युवक से चल रहा था। युवती के पिता प्रदीप मुंडा रोजगार के लिए पलायन कर चुके हैं और मां का पहले ही निधन हो चुका था। प्रेम प्रसंग की जानकारी मिलने पर युवती के चाचा कार्तिक मुंडा ने युवक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। थाना से बुलावा आने पर सभी लोग कुटमा से टेंपो में सवार होकर कुरुमगढ़ थाना जा रहे थे। थाना के पास ढलान पर टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। घायलों को पहले सीएचसी चैनपुर में प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए सभी को सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया।


