भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा राज्य भर में स्कूल शिक्षा विभाग में स्कूलों को मर्ज करने के साथ ही अतिशेष शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश भर में शिक्षकों में आक्रोश है। जगह-जगह इसका विरोध शिक्षकों द्वारा किया जा रहा है, अब कांग्रेस भी इस विरोध में खुलकर सामने आ गई है। पीसीसी द्वारा सभी जिले में आंदोलन को लेकर पत्र जारी किया गया है, जिसमें 10 हजार 463 स्कूलों को बंद करने और 45 हजार शिक्षक के पद समाप्त करने के आरोप भाजपा सरकार पर लगाए हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि स्कूलों के बंद होने से रसोइया, स्वीपर, भृत्य जो स्कूलों में पदस्थ थे वह बेरोजगार हो जाएंगे। कांग्रेस 9, 10 और 11 जून को ब्लाक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव करेगी।


