भास्कर न्यूज| धमतरी गंगरेल बांध से 25 मई को लापता हुआ कवर्धा निवासी हेमंत चंद्रवंशी दिल्ली में मिला है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह आर्थिक तंगी और घरेलू परेशानी से परेशान था। खुद ही भाग गया था। डूबने का नाटक किया था। रूद्री पुलिस ने बताया, हेमंत चंद्रवंशी (30) 24 मई को अपने एक कर्मचारी के साथ गंगरेल बांध रिसॉर्ट में ठहरा था। 25 मई की सुबह वह अंगारमोती मंदिर के पीछे गंगरेल बांध में नहाने गया। उसने कर्मचारी को ब्रश लाने भेजा। जब कर्मचारी लौटा तो हेमंत वहां नहीं था। किनारे मोबाइल, कपड़े और चप्पल मिले। कर्मचारी ने तुरंत रूद्री पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गोताखोर बुलाए। अंडरवाटर कैमरे से घंटों तलाश की गई। कोई सुराग नहीं मिला। हेमंत के दूसरे मोबाइल नंबर को ट्रेस किया गया। लोकेशन दिल्ली की मिली। उसने गायब होने के बाद परिजनों से बात भी की थी। एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने कहा कि परिजनों ने बताया कि वीडियो कॉल के जरिए हेमंत की बात हुई है।


