MBBS में एडमिशन दिलाने का झांसा दे 22 लाख ठगा:कोचिंग सेंटर संचालक ने तीन साल पहले लिए रुपए, पुलिस ने दर्ज की FIR

चिरमिरी निवासी दंपती से एमबीबीएम में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर कोचिंग सेंटर के संचालक ने 21 लाख 80 हजार रुपये की ठगी कर ली। तीन वर्ष पूर्व कोचिंग सेंटर संचालक ने दंपती की पुत्री को एमबीबीएस कॉलेज में प्रवेश दिलाने का झांसा दिया। पैसे लेने के बाद न तो कॉलेज में एडमिशन हुआ और न ही राशि ही वापस की गई। दंपती की रिपोर्ट पर पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। मामला चिरमिरी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, चिरमिरी अंतर्गत गोदरीपारा निवासी सुनील कुमार चौरसिया (62 वर्ष) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वे वर्ष 2022 में अपनी पुत्री कौशिकी चौरसिया का MBBS में एडमिशन कराना चाह रहे थे। उनका संपर्क पाम करियर कंसलटेशन प्राईवेट लिमिटेड के संचालक प्रिंस कुमार से हुआ। प्रिंस कुमार ने आश्वस्त किया कि वह कौशिकी चौरसिया का एडमिशन एमबीबीएस में करा देगा। इसके लिए पैसे खर्च करने पड़ेंगे। किस्तों में दिए रुपए, नहीं हुआ एडमिशन
सुनील कुमार चौरसिया ने बताया कि एडमिशन कराने का आश्वासन मिलने पर उन्होंने स्वयं एवं पत्नी गायत्री चौरसिया के खातों से चेक के माध्यम से 4 अगस्त 2022 से 26 अप्रैल 2023 के बीच कुल 21 लाख 80 हजार रुपये दे दिया। प्रिंस कुमार पैसे लेने के बाद एमबीबीएस में एडमिशन नहीं करा सका तो सुनील चौरसिया ने पैसे वापस मांगे। वापसी के लिए चेक दिया, खाते में रकम नहीं
सुनील कुमार चौरसिया को प्रिंस कुमार ने दुर्ग बुलाकर राशि वापस करने का आश्वासन दिया और 8 लाख 50 हजार रुपये का चेक दिया। प्रिंस कुमार ने कहा कि खाते में पैसे आएंगे तो वह चेक लगाने के लिए बोल देगा। अब तक प्रिंस कुमार ने चेक लगाने के लिए नहीं कहा। उसके बैंक खाते में पैसे नहीं हैं। इसकी शिकायत सुनील कुमार चौरसिया ने थाने में की। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में प्रिंस कुमार के खिलाफ धारा 420 का अपराध दर्ज किया है। चिरमिरी पुलिस मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *