बैठक: सभी शासकीय परिसरों में होगा पौधरोपण, अफसर स्थान चिह्नित करें

भास्कर न्यूज | बालोद संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में समय सीमा की बैठक में कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने मानसून के आगमन के बाद जिले में सघन पौधरोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी शासकीय कार्यालय परिसरों और अन्य जरूरी स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं। उनकी समुचित देखभाल की व्यवस्था भी की जाए। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने परिसर में पौधरोपण के लिए स्थान चिह्नित करें। इस कार्य को प्राथमिकता से पूरा करें। बैठक में सुशासन तिहार की सफलता पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार में सभी ने निष्ठा, लगन और समर्पण से काम किया। यह सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी सभी अधिकारी-कर्मचारी टीम भावना से काम कर जिले को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाएंगे। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने खाद्य विभाग और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक लेकर यह निश्चित करें कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए। सभी पेट्रोल पंपों में इस संबंध में जानकारी प्रदर्शित की जाए। प्रकरणों का तय समय पर निराकरण करें: कलेक्टर बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने सभी प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।। कलेक्टर ने पौधरोपण को समय की आवश्यकता बताया। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को योजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। पौधों की उपलब्धता करने को कहा। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए पौधों की कमी नही होने देनी चाहिए। बैठक में जिला पंचायत के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक, अपर कलेक्टर नूतन कंवर, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *