जगराओं के मुल्लापुर दाखा में एक पार्षद की दादागिरी का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 6 में पार्षद ने एक गरीब परिवार का घर जेसीबी से तोड़ दिया। विरोध करने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित सतपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले मकान खरीदा था। इसकी रजिस्ट्री भी उनके पास है। आरोपी पार्षद बलबीर चंद उर्फ बीरा उन्हें परेशान करने के लिए नगर कौंसिल में शिकायतें करता रहता था। पार्षद का आरोप था कि सतपाल ने जमीन पर अवैध कब्जा कर घर बनाया है। रजिस्ट्री को मानने से इनकार किया रंजिश की वजह यह थी कि सतपाल ने कौंसिल चुनावों में बलबीर के प्रतिद्वंद्वी को अपनी दुकान दफ्तर के लिए दी थी। पिछले महीने कौंसिल ने नोटिस जारी किया। सतपाल ने रजिस्ट्री दिखाकर अपना पक्ष रखा। लेकिन पार्षद ने रजिस्ट्री को मानने से इनकार कर दिया। कांग्रेस पार्टी ने किया पीड़ित का समर्थन इसके बाद पार्षद जेसीबी मशीन लेकर आया और घर को तोड़ दिया। पीड़ित ने बताया उस का लाखों रुपए का नुकसान हुआ। पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। कांग्रेस पार्टी ने भी पीड़ित का समर्थन किया। दाखा से कांग्रेस के हलका इंचार्ज कैप्टन संदीप संधू ने कार्रवाई की मांग करते हुए धरने की चेतावनी दी थी। जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पार्षद बलबीर चंद और जेसीबी चालक के खिलाफ धारा 333, 329(4), 324(5), 351(2), 3(5) बीएनएस 2023 के तहत थाना दाखा में मामला दर्ज कर लिया है। कांग्रेस नेता ने पुलिस पर उठाए सवाल कांग्रेस नेता कैप्टन संदीप संधू ने कहा कि मुल्लापुर में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। आप सरकार में शहर के हालात बद्द से बद्दतर बन चुके है। कैप्टन ने कहा कि पार्षद द्वारा सरेआम गुंडागर्दी कर घर गिराया गया लेकिन दाखा पुलिस मूकदर्शक बन तमाशा देखती रही। उन्होंने कहा कि जब पुलिस को कार्रवाई के लिए कहा गया। तो पुलिस अधिकारी यह कहते रहे कि पहले पार्षद से पूछेंगे उसने घर क्यों गिराया है। इस से साफ पता चलता है इसके पीछे बहुत बडी साजिश है।


