लखनऊ के बैंक में 42 लॉकर काटने का VIDEO:बैग-रस्सी लेकर 3 बदमाश अंदर घुसे; गोल्ड लोन का लॉकर टच नहीं किया

लखनऊ में इंडियन ओवरसीज बैंक में लॉकर काटने का सीसीटीवी सामने आया है। बदमाश हुडी पहनकर अंदर घुसे। बार-बार सीसीटीवी की ओर देख रहे थे। फुटेज में तीन बदमाश बैंक के अंदर दिख रहे हैं। एक बदमाश के हाथ में बैग है, जबकि दूसरे के हाथ में रस्सी और मोबाइल दिख रहा है। तीसरा बदमाश लॉकर काटता दिख रहा है। फुटेज रविवार (22 दिसंबर) तड़के 4.36 बजे का है। तीन सीसीटीवी फुटेज देखिए.. गोल्ड लोन वाले लॉकर को नहीं किया टच
बैंक के सूत्रों ने बताया, चोरों को बैंक और लॉकर के बारे में एक-एक चीज की जानकारी थी। चोरों ने गोल्ड लोन वाले एक भी लॉकर को नहीं काटा। गोल्ड लोन वाले करीब 24 लॉकर सबसे ऊपर थे। चोरों को पता था कि गोल्ड लोन वाले लॉकर में ज्यादा माल नहीं होगा। इसलिए उस लॉकर को नहीं टच किया। दो बदमाशों का एनकाउंटर, तीन गिरफ्तार लॉकर काटने वाले गैंग में शामिल दो बदमाश का एनकाउंटर हो चुका है। जबकि तीन बदमाश गिरफ्तार हैं। दो की पुलिस तलाश कर रही है। सोमवार रात और मंगलवार सुबह दो बदमाश को पुलिस ने ढेर कर दिया। दोनों बदमाशों का एनकाउंटर 4 घंटे के अंदर किया। पहला एनकाउंटर लखनऊ में सोमवार रात साढ़े 12 बजे हुआ। दूसरा लखनऊ से 350 किमी दूर गाजीपुर के गहमर में मंगलवार तड़के साढ़े 4 बजे हुआ। बैंक लूट में फरार सोबिंद कुमार को लखनऊ में, जबकि सन्नी दयाल को गाजीपुर में मार गिराया। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों को जब घेरा तो उन्होंने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दोनों को दो-दो गोली लगी। दोनों को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दोनों बिहार के रहने वाले थे। सन्नी के साथ विपिन भी था। जो फरार हो गया। शनिवार रात लखनऊ के चिनहट में इंडियन ओवरसीज बैंक की दीवार काटकर लुटेरे 42 लॉकर से गहने लूट ले गए थे। राजधानी में हुई इस घटना से सुरक्षा पर सवाल खड़े किए जा रहे थे। घटना में 7 बदमाश शामिल थे, इनमें 6 बिहार के और एक सीतापुर का है। 2 मारे जा चुके हैं। 3 गिरफ्तार हैं। मास्टरमाइंड विपिन वर्मा मूल रूप से सीतापुर के चुरुवा का रहने वाला है। लखनऊ के तकरोही में किराए का मकान लेकर रह रहा था। विपिन की उम्र 22 साल बताई जा रही है। वहीं, विपिन का दूसरा साथी मिथुन भी फरार है। मिथुन (28) बिहार के लखीसराय के जानकीडीह का रहने वाला है। दो शहरों में एनकाउंटर कैसे हुआ, पढ़िए… लखनऊ: बदमाश के पेट और पैर में गोली मारी
JCP लॉ एंड ऑर्डर अमित वर्मा ने बताया- लखनऊ में सोमवार रात साढ़े 12 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिहार के असरगंज के रहने वाले ​​​​सोबिंद कुमार को लौलाई के जलसेतु पर घेर लिया। पुलिस को देखते ही सोबिंद ने पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में पुलिस ने उसके पैर और पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही गिर गया। पुलिस उसे लोहिया अस्पताल ले आई। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोबिंद के खिलाफ 6 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सोबिंद के पास से पिस्टल, कारतूस, कार, जेवर बरामद किए। हालांकि, कितना जेवर बरामद हुआ। पुलिस ने इसका खुलासा नहीं किया है। गाजीपुर: बदमाश के सीने और पैर में गोली मारी
गाजीपुर SP इरज राजा ने बताया- गहमर इलाके में पुलिस देर रात गश्त कर रही थी। बैंक लूट में फरार सनी दयाल अपने साथी के साथ बाइक से जा रहा था। पुलिस ने चेकिंग के लिए रोका तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों पर बाइक चढ़ाने की कोशिश करते हुए बिहार बॉर्डर की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया। कुतुबपुर इलाके में मुठभेड़ हुई। इसमें सन्नी को गोली लग गई। उसे CHC भदौरा ले जाया गया। प्राइमरी इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, सन्नी का साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। पुलिस ने बताया कि सन्नी दयाल के पास से एक पिस्टल, छह खाली कारतूस, सोने के जेवर और 3.55 लाख रुपए बरामद हुए। सन्नी दयाल बिहार के मुंगेर का रहने वाला था। 24 घंटे में तीसरी मुठभेड़, 2 बदमाश अभी फरार
इस केस में 24 घंटे में 3 मुठभेड़ हुई। पहली मुठभेड़ सोमवार को हुई थी। पुलिस ने तीन बदमाश कैलाश, अरविंद और बलराम को एनकाउंटर में पकड़ा था। मुठभेड़ के दौरान एक के पैर में गोली मारी थी, जबकि कार सवार 4 बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए थे। इसमें सोबिंद-सन्नी दयाल भी थे। अभी 2 बदमाश लखनऊ का विपिन वर्मा और बिहार का मिथुन फरार हैं। JCP लॉ एंड ऑर्डर अमित वर्मा ने बताया- दोनों बदमाशों की तलाश जारी है। दोनों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया है। सन्नी के घर पसरा मातम, पत्नी हुई बेहोश गाजीपुर में मारे गए सन्नी दयाल बिहार के मुंगेर का रहने वाला था। एनकाउंटर की जानकारी मिलते ही घर में मातम पसर गया। पत्नी किरण बेहोश हो गई। ग्रामीणों ने बताया, सन्नी के पिता की 15 साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। पांच भाई में दूसरे नंबर पर था। सन्नी की शादी 2013 में हुई थी। उसके दो बेटे हैं जो अभी छोटे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सन्नी एक महीने पहले ही घर से काम करने के लिए बाहर गया था। 4 घंटे तक बैंक में रहे थे बदमाश
बदमाश शनिवार रात चिनहट के इंडियन ओवरसीज बैंक की दीवार काटकर अंदर घुसे थे। 4 घंटे तक बैंक में रहे। करोड़ों की ज्वेलरी लेकर फरार हो गए। चार बदमाश CCTV में दिखाई दिए थे। पुलिस ने मामले की जांच के लिए 6 टीमों का गठन किया था। STF, क्राइम ब्रांच और पुलिस टीम ने CCTV में कैद बदमाशों की तलाश के लिए रविवार देर रात कई जगह दबिश दी। शहीद पथ और आसपास लगे 500 CCTV खंगाले। इसमें चार संदिग्ध बाइक पर आते-जाते दिखे थे। ……………………………………… इस खबर को भी पढ़ें… ‘पाई-पाई जोड़कर बनवाई ज्वेलरी, सब चोरी हो गए’:लखनऊ में बैंक का लॉकर चेक करने पहुंचे लोग; बोले- हमारा लॉकर नहीं भरोसा टूटा ‘कई साल से पेट काटकर बेटी की शादी के लिए गहने बनवाए थे। बेटियों की शादियों के लिए कंगन, झुमके, अंगूठी, 75 ग्राम तनिष्क का सोना भी खरीदा था। कुछ पैतृक जेवर भी थे। चोरों ने पलभर में जिंदगी बर्बाद कर दी।’ पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *