पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड में बिजली आपूर्ति की खराब व्यवस्था के विरोध में ग्रामीणों ने गुरुवार को गोविंदपुर-साहिबगंज सड़क को जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले चार दिनों से दिन-रात बिजली गुल रहती है। सड़क जाम की सूचना मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस और प्रखंड प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी और उमस भरे मौसम में बिजली की अनियमित आपूर्ति से वे परेशान हैं। इससे सबसे ज्यादा छोटे बच्चे और विद्यार्थी प्रभावित हो रहे हैं। कई बार बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली काट देता है। उन्होंने कई बार बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस के ठोस आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं होता है, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। जिला मुख्यालय समेत सभी प्रखंडों में बिजली की अनियमित आपूर्ति से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।


