रांची | पूर्व पार्षद वेद प्रकाश सिंह की हत्या करने वाला शूटर सत्यम पाठक ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसी ने गोली मारी थी। पुलिस ने गोली कांड के बाद सत्यम पाठक का सीसीटीवी फुटेज निकाला था। जिसमें वह धुर्वा बस स्टैंड के पास आते-जाते दिखा था। वेद प्रकाश सिंह को उसने गोली क्यों मारी? इस सवाल के जवाब ने सत्यम पाठक ने बताया है कि उसकी वेद प्रकाश से दुश्मनी थी, इसी वजह से गोली मारी। वहीं, पुलिस को जानकारी मिली है कि सत्यम पाठक धुर्वा में ही एक और व्यक्ति की हत्या करने की फिराक में था। जो वेद प्रकाश सिंह के साथ रहा करता था। हालांकि, वह इसमें सफल नहीं हुआ। सत्यम पाठक का एक और करीबी धीरज मिश्रा (जो इस घटना में शामिल था) की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। सत्यम को पुलिस रिमांड पर लेकर भी पूछताछ करेगी। मालूम हो कि पूर्व पार्षद वेद प्रकाश सिंह की हत्या इसी साल 7 जुलाई को धुर्वा बस स्टैंड के पास गोली मार कर की गई थी।


