रांची | रांची के राज अर्टेमिस हार्ट सेंटर में 78 वर्षीय बुजुर्ग का बिना चीर-फाड़ और टांके के कैप्सूल आधारित विधि से वायरलेस पेसमेकर का सफलतापूर्वक प्रत्यारोपण किया गया। राज अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग के हेड डॉ. राजेश कुमार झा ने नवीनतम तकनीक पर आधारित अबॉट कंपनी की एवियर लीड रहित पेसमेकर का प्रत्यारोपण किया। झारखंड, बिहार और ओडिशा में ऐसा पहली बार किया गया है। डॉ. राजेश कुमार झा ने बताया कि मरीज ने पारंपरिक पेसमेकर सर्जरी करवाई थी, लेकिन उनका पेसमेकर पॉकेट संक्रमित हो गया था। मरीज की उम्र ज्यादा थी, उन्हें कई और बीमारियां भी थीं, इसलिए तय किया कि इस विशेष उपकरण से इलाज करना उचित होगा। यह तकनीक इतनी सुरक्षित और प्रभावी है कि पेसमेकर प्रत्यारोपण के अगले दिन ही मरीज को छुट्टी मिल गई।


