रांची |राज्य भर में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने प्रयास शुरू कर दिया है। न सिर्फ शहरी क्षेत्र, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुविधाएं बढ़ाने का काम शुरू है। स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल कॉलेजों से लेकर जिला अस्पताल और सीएचसी में मॉड्यूलर ओटी बनवाने के लिए जिलों को 26.77 करोड़ की राशि आवंटित की है। इतनी राशि का आवंटन 3 मेडिकल कॉलेज, 10 सदर अस्पताल और करीब डेढ़ दर्जन सीएचसी में मॉड्यूलर ओटी बनाया जाना है। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह ने राशि आवंटित करते हुए इसका निकाली एवं व्ययन पदाधिकारी संबंधित जिले के सिविल सर्जन और संबंधित मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य व अधीक्षक को बनाया है। जबकि इसके नियंत्री पदाधिकारी स्वयं प्रधान सचिव होंगे। ओटी बनाने के लिए जितनी भी राशि खर्च की जाएगी, सभी का प्रतिवेदन विभाग को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।


