प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने डोंगरगांव ब्लॉक अध्यक्ष चेतन साहू को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने डोंगरगांव ब्लॉक अध्यक्ष के निष्कासन का आदेश जिला कांग्रेस कमेटी को जारी कर दिया है। बता दें कि जिला पंचायत सदस्यों को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चेतन साहू ने अनुशासनहीनता के चलते और पार्टी गाइडलाइन से हटकर काम करने के लिए पार्टी से बेदखल करने का आदेश जारी किया था। इस आदेश को लेकर जिला पंचायत सदस्यों में पहले ही आक्रोश की स्थिति थी। इस मामले को लेकर दोनों ही जिला पंचायत सदस्यों ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी से लिखित शिकायत की थी। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए डोंगरगांव ब्लॉक अध्यक्ष चेतन साहू पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से बेदखल कर दिया है। कमेटी ने साहू को 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। ऐसे समझे पूरा मामला त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 1, 5 और 7 को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मुक्त रखा था। यहां पर कोई भी प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरकर चुनाव लड़ सकता था। इस पर पार्टी को कोई आपत्ति नहीं थी। इस बीच कांग्रेस संगठन ने नामांकन वापसी के दिन ही क्षेत्र क्रमांक 1, 5 और 7 में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी, जोकि विधि सम्मत नहीं थी। इस बीच जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 5 से कांग्रेस नेत्री विभा साहू चुनाव मैदान में रही। वहीं क्षेत्र क्रमांक 7 से महेंद्र यादव भी चुनाव लड़े। दोनों ही जिला पंचायत सदस्य अन्य अपने क्षेत्र में जीत दर्ज की। लेकिन, इसके बाद कांग्रेस संगठन ने कार्रवाई करते हुए दोनों ही जिला पंचायत सदस्यों को कांग्रेस से एकतरफा निष्कासित कर दिया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चेतन साहू ने उन्हें निष्कासित करने की कार्रवाई की। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए दोनों ही जिला पंचायत सदस्यों के निष्कासन को रद्द किया और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चेतन साहू को अब पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। फर्जी खबरों के आधार पर तैयार हुई रणनीति सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफार्म और कुछ समाचार पत्रों के माध्यम से फर्जी खबरें तैयार कर जिला पंचायत सदस्यों की छवि खराब की गई और उन्हें पार्टी से निष्कासित करने के लिए पूरी रूपरेखा तैयार की गई थी। इस मामले की पूरी शिकायत दोनों ही जिला पंचायत सदस्यों ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी से की थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है। सत्य की जीत हुई : विभा पूरे मामले को लेकर जिला पंचायत सदस्य विभा साहू ने कहा है कि सत्य की जीत हुई। उन्होंने कभी ही पार्टी गाइडलाइन से हटकर काम नहीं किया है। हमेशा पार्टी गाइडलाइन पर चले : महेंद्र जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव का कहना है कि संगठन में बैठे कुछ तथाकथित लोगों ने उनकी छवि को खराब करने की कोशिश की और प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भ्रामक जानकारी देकर उन्हें भी भ्रमित करने का प्रयास किया, लेकिन अब सत्य की जीत हो गई है।


