बोकारो की कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह के मामले में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने चुनाव आयोग को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट भेज दी है। झारखंड सीईओ ने बीएसएल, एचएसीएल, बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी और आयकर विभाग की रिपोर्ट को आधार बनाते हुए यह रिपोर्ट भेजी है। बोकारो जिला प्रशासन की अभी रिपोर्ट आनेवाली है। इसके बाद सीईओ कार्यालय की ओर से चुनाव आयोग को एक और रिपोर्ट भेजी जाएगी। बीएसएल और एचएससीएल प्रशासन ने सीईओ को भेजी रिपोर्ट में बताया है कि श्वेता सिंह के नाम से दो क्वार्टर एलॉट हैं। सेक्टर तीन में क्वार्टर संख्या 562 का किराया 2.77 लाख और सेक्टर तीन क्वार्टर संख्या 873 का किराया 97 हजार रुपए बाकी हैं। श्वेता सिंह ब्रह्मा सर्विस सोसाइटी की सचिव हैं। सचिव होने के नाते उन्होंने सेक्टर तीन में क्वार्टर संख्या 873 लिया है। बता दें कि श्वेता सिंह ने विधानसभा चुनाव के समय अपने शपथ पत्र में इन क्वार्टरों और बकायों की चर्चा नहीं की है। श्वेता सिंह के नाम से जमुई में वोटर आईडी, निरस्त किया गया: बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जमुई निर्वाची पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के आधार पर झारखंड सीईओ को बताया है कि श्वेता सिंह के नाम से जमुई जिले में वोटर आईडी कार्ड है। उसे निरस्त कर दिया गया है। नियमत: एक व्यक्ति के पास एक से अधिक वोटर आईडी नहीं होना चाहिए। आयकर विभाग ने दी जानकारी… श्वेता के नाम दो पैन कार्ड, गुरुग्राम व रामगढ़ में बना आयकर विभाग ने राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को जो रिपोर्ट दी है, उसके अनुसार श्वेता सिंह के नाम से दो पैन कार्ड हैं। एक पैन कार्ड गुरुग्राम और दूसरा रामगढ़ से बना है। गुरुग्राम वाले पैन कार्ड का उपयोग नहीं किया गया है। दोनों ही पैन कार्ड में जन्म तिथि 19 जून 1984 दर्ज है। गुरुग्राम से जारी पैन कार्ड में पिता का नाम दिनेश कुमार सिंह लिखा गया है। रामगढ़ से बने कार्ड में पिता के नाम संग्राम सिंह दर्ज है। आयकर नियमों के अनुसार पैन कार्ड में सिर्फ पिता का नाम दर्ज होता है, पति का नहीं। एक व्यक्ति के पास एक से अधिक पैन कार्ड नहीं होना चाहिए। 16 जून को एसडीओ को दूंगी जानकारी: श्वेता मुझे सीईओ की रिपोर्ट की कोई जानकारी नहीं है। इस पर प्रतिक्रिया नहीं दे सकतीं। 16 जून को बोकारो एसडीओ को सभी जानकारी दूंगी। -श्वेता सिंह, विधायक बोकारो


