रांची | गंगा दशहरा पर रांची के बड़ा तालाब स्थित विवेकानंद सरोवर (फूल बाबा आश्रम के सामने) में बनारस की तर्ज पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। यह आयोजन गंगा यात्री पीयूष पाठक के नेतृत्व में हुआ। इसमें जलस्रोतों की स्वच्छता, निर्मलता और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया। गंगा यात्री पीयूष पाठक ने बताया कि महाआरती का आयोजन विश्व पर्यावरण दिवस और मां गंगा के अवतरण दिवस के संयुक्त उपलक्ष्य में किया गया। आरती से पूर्व मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद बनारस से आए चार आचार्यों व अन्य ने पारंपरिक विधि-विधान से मां गंगा की दिव्य आरती की। इस पावन अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने जलस्रोतों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए संकल्प लिया। आयोजन में विश्व हिंदू परिषद, श्री महावीर मंडल समेत कई संगठनों के सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित थे। पूरे क्षेत्र में “हर हर गंगे” और “जय मां गंगे” के जयकारे गूंजते रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।


