छत्तीसगढ़ के धमतरी में भाजपा के अजजा प्रदेश मंत्री खूब लाल ध्रुव और शिक्षक संघ के बीच विवाद गहरा गया है। शिक्षक संघ ने प्रदेश मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। प्रदेश मंत्री ने दो दिन पहले एक प्रेस वार्ता में युक्तियुक्तकरण के मुद्दे पर शिक्षकों को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने शिक्षकों को अर्बन नक्सली कहा। यह बात सोशल मीडिया के माध्यम से शिक्षकों तक पहुंची। शिक्षक संघ ने शुक्रवार को कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों का कहना है कि उन्हें अर्बन नक्सली कहना अशोभनीय है। शिक्षकों ने कहा कि प्रदेश मंत्री को भी किसी शिक्षक ने ही पढ़ाया होगा। शिक्षक संघ ने प्रदेश मंत्री के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर कार्रवाई नहीं की गई तो वे धरना प्रदर्शन करेंगे। इस मामले में प्रदेश मंत्री ने मुख्यमंत्री को युक्तियुक्तकरण और धमतरी को 213 करोड़ रुपये मिलने पर धन्यवाद भी दिया था। नाराज़ शिक्षकों ने किया विरोध, FIR की मांग शिक्षकों ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक संस्कारी और शिक्षक-सम्मान की बात करने वाली पार्टी है, लेकिन इस तरह की ओछी मानसिकता रखने वाले व्यक्ति को जनप्रतिनिधि बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी शिक्षक के कार्य को नक्सलवाद से जोड़ना अनुचित और अपमानजनक है। शिक्षकों का आरोप है कि ध्रुव ने उन्हें “अर्बन नक्सली” कहकर संबोधित किया है, जो अत्यंत निंदनीय और अपमानजनक है। इस टिप्पणी के विरोध में शिक्षकों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है और मांग की है कि खूबलाल ध्रुव के खिलाफ FIR दर्ज की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पुलिस प्रशासन कार्रवाई नहीं करता, तो शिक्षक धरना-प्रदर्शन और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। शिक्षक संगठनों ने यह भी कहा कि वे अपने आत्म-सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए हर कानूनी और लोकतांत्रिक कदम उठाएंगे।


