कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना महंत ने गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले का एक दिवसीय दौरा किया। उन्होंने पनकोटा गांव में शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में हिस्सा लिया। साथ ही विरासत कला मंच द्वारा आयोजित विद्यार्थी सम्मान समारोह में भी शामिल हुईं। इसके बाद वे कोटमी में जिला कांग्रेस कमेटी की संविधान बचाओ रैली में पहुंचीं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि संविधान हमारा मानवाधिकार है। जब इस पर आंच आ रही है, तो इसे बचाने के लिए रैली निकाली गई है। महंत ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल में भाजपा सरकार ने कोई अच्छा काम नहीं किया है। सरकार सुशासन तिहार की बात करती है, लेकिन राज्य में अपराध बढ़ रहे हैं। महिला आरक्षण और सुरक्षा की स्थिति भी चिंताजनक है। सांसद ने स्कूल बंद होने और शराब दुकानों का मुद्दा उठाया सांसद ने स्कूल बंद होने और शराब दुकानों के खुलने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार अब गन्ना रस की तर्ज पर बियर बेचने की तैयारी कर रही है। यह महंगाई जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास है। स्वर्गीय अजीत जोगी की मूर्ति विवाद पर उन्होंने कहा कि महापुरुषों की मूर्ति स्थापना को रोका नहीं जाना चाहिए।


