कोसी-कामां-डीग-भरतपुर हाइवे का प्रस्ताव सरकार को भेजें अफसर: सांसद

भरतपुर। जिला विकास, समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद संजना जाटव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें सांसद ने कहा कि जिले के विकास एवं जनकल्याण के लिए अधिकारी सकारात्मक सोच के साथ कार्य कर केन्द्र सरकार की योजनाओं का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करें। योजनाओं से पात्र व्यक्तियों को समय पर लाभान्वित करवाने के लिए सभी विभागीय अधिकारी सक्रियता व समन्वय से काम करें। उन्होंने जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए शेष रहा कार्य तय समय पर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने एवं आमजन को शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। किसानों को फार्म पॉण्ड, पॉली हाउस, शेड नेट हाउस, सोलर सिस्टम, भंडारण गृह जैसी कृषि की आधुनिक तकनीकों के बारे में जागरूक कर सब्सिडी योजनाओं का फायदा देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा कर पात्रों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सांसद स्थानीय क्षेत्रीय विकास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, सहित संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुये समय पर क्रियान्वयन के निर्देश दिए। दिशा की बैठक का महत्व रेखांकित करते हुए कहा कि अधिकारी इस बैठक में उठे मुद्दों एवं सुझावों पर गंभीरता से कार्यवाही करें और आगामी बैठक से पूर्व सभी पालना रिपोर्ट भेजें। संबंधित विभाग कोसी- कामां -डीग -भरतपुर हाईवे का प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भिजवाए जिससे की क्षेत्रवासियों का आवागमन और अधिक सुगम हो सके। बैठक में गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि नगर निगम शहर में लाइटिंग को दुरुस्त करते हुए नियमित साफ-सफाई कराएं व विभागीय अधिकारी अपने कार्यालयों में भी स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। खनन विभाग डीएमएफटी के बजट का सदुपयोग करते हुए क्षेत्रीय लोगों के कल्याण हेतु कार्य करें। विधानसभा वार मिले बजट का उपयोग करते हुए सड़कों के सुदृढ़ीकरण व आधारभूत सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में काम करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *