भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की स्पेशल यूनिट ने महाराजा गंगासिंह यूनिवर्सिटी में एडमिशन और एक्जाम की प्री एंड पोस्ट प्रोसेसिंग काम का टेंडर लेने वाली कंपनी के प्रतिनिधि से 7 लाख रुपए बरामद किए। इस राशि को संदिग्ध मानकर जब्त किया गया है। एसीबी जांच करेगी कि ये रकम किससे और क्यों लाई गई और किसको देनी थी। ब्यूरो की स्पेशल यूनिट के एएसपी आशीष कुमार ने बताया कि अजमेर की माइक्रो इंफोटेक कंपनी बीकानेर में महाराजा गंगासिंह यूनिवर्सिटी में एडमिशन और एग्जाम की प्री एंड पोस्ट प्रोसेसिंग संबंधी कामकाज देखती है। कंपनी के पास इसका टेंडर है। सूचना मिली थी इस कंपनी का प्रतिनिधि यूनिवर्सिटी में किसी को बड़ी रकम देने के लिए ला रहा है। एसीबी की टीम यूनिवर्सिटी कैंपस पहुंची। वहां अजमेर से आए कंपनी के प्रतिनिधि मनोज सांखला की तलाशी ली तो उसके पास 7 लाख रुपए बरामद हो गए। पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह कंपनी के कार्मिकों को देने के लिए रुपए लाया है। लेकिन, तस्दीक करने पर यह साबित नहीं हुआ कि वह बरामद रकम कार्मिकों को देने के लिए लाया था। इसलिए 7 लाख रुपए जब्त कर लिए हैं। जांच की जाएगी कि यह रकम किससे, क्यों लाई गई और किसको देनी थी। एसीबी की कार्रवाई में इंस्पेक्टर श्रवण कुमार, एएसआई बजरंगसिंह, भगवानसिंह, अशोक कुमार शामिल थे।


