भास्कर न्यूज | जालंधर केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने स्कूलों में करियर मार्गदर्शन को मजबूत करने के लिए देशभर में पांच शहरों में ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित करने का फैसला लिया है। यह कार्यक्रम स्कूलों के प्रिंसिपल्स और काउंसलर्स के लिए होंगे। इनका उद्देश्य छात्रों को उच्च शिक्षा, छात्रवृत्ति और नए करियर विकल्पों की जानकारी देना है। पहला कार्यक्रम 12 जून को गुवाहाटी के रॉयल ग्लोबल स्कूल में होगा। दूसरा 20 जून को बेंगलुरु के दिल्ली पब्लिक स्कूल (नॉर्थ) में होगा। तीसरा 7 जुलाई को वाराणसी के सनबीम स्कूल में होगा। चौथा 18 जुलाई को देहरादून के दून इंटरनेशनल स्कूल में और अंतिम कार्यक्रम 26 जुलाई को उदयपुर के रॉकवुड्स हाई स्कूल में होगा। सभी कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेंगे। प्रतिभागियों को सुबह 9:30 बजे तक पहुंचने को कहा गया है।सीबीएसई ने कहा है कि इन कार्यक्रमों में सीमित सीटें होंगी। पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर चयन होगा। चयनित प्रतिभागियों को ईमेल से सूचना दी जाएगी। यात्रा और ठहरने का खर्च प्रतिभागियों को स्वयं वहन करना होगा। सीबीएसई का कहना है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत स्कूलों में मजबूत काउंसलिंग सिस्टम जरूरी है। इन कार्यक्रमों से काउंसलर्स को नई तकनीक और जानकारी मिलेगी। उन्हें इंटर्नशिप, वोकेशनल ट्रेनिंग और छात्रवृत्तियों की जानकारी दी जाएगी। इससे छात्रों को सही करियर चुनने में मदद मिलेगी।सीबीएसई ने सभी संबद्ध स्कूलों से इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। रजिस्ट्रेशन के लिए लिंक सीबीएसई की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। किसी भी जानकारी के लिए cbsecareer.counselin g@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है। सीबीएसई सप्लीमेंट्री परीक्षा के लिए 17 जून तक भरें फॉर्म जालंधर| सीबीएसई ने सभी स्कूलों को सप्लीमेंट्री परीक्षा 2025 के लिए छात्रों की सूची (एलओसी) समय पर भेजने की अंतिम चेतावनी दी है। बोर्ड ने 26 मई को इस संबंध में सर्कुलर जारी किया था। अब 5 जून को फिर से रिमाइंडर जारी किया गया है। बोर्ड ने साफ किया है कि बिना लेट फीस के एलओसी भरने की अंतिम तारीख 17 जून, मंगलवार है और लेट फीस के साथ फॉर्म 19 जून, तक भरे जा सकते हैं। सीबीएसई ने कहा है कि जो छात्र सप्लीमेंट्री परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं, वे तय समय में आवेदन करें। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि पुनर्मूल्यांकन या सत्यापन के नतीजों का इंतजार न करें। स्कूल प्रमुखों से कहा गया है कि वे छात्रों से संपर्क कर समय पर फॉर्म भरवाएं। बोर्ड ने दोबारा कहा है कि अंतिम तारीख के बाद कोई मौका नहीं मिलेगा।


