भास्कर न्यूज | पटना के. ज्वाला प्रसाद उपाध्याय शासकीय महाविद्यालय कोरिया के प्रांगण में मंगलवार को शासन की नीति के अनुरूप क्षेत्र के बुजुर्गों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान फूलों की माला पहनाकर शॉल-श्रीफल से बुजुर्गों को सम्मानित किया। इसमें कॉलेज के स्टाफ और शहर के लोगों ने शिरकत की। बुजुर्गों को संबोधित करते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर शिव शंकर राजवाड़े ने कहा कि बुजुर्गों से हमें मार्गदर्शन मिलता है। वे प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से हमें संबल देते हैं। आने वाली पीढ़ियों को नसीहत देते हैं और उनका मार्ग प्रशस्त करते हैं। कार्यक्रम में शामिल सेवा निवृत उपाधि प्राप्त शिक्षक राजेंद्र प्रसाद सोनी , प्रतिष्ठित व्यवसाई मदन अग्रवाल ने कहा कि कॉलेज के स्टाफ बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने बुजुर्गों के बारे में सोचा और सम्मानित किया। हमारी ढेर सारी शुभकामनाएं उनके साथ हैं। यह कॉलेज आगे बढ़े और छत्तीसगढ़ में अपना नाम रोशन करे। रवि शंकर शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य बच्चे व युवा पीढ़ी घर परिवार के बुजुर्गों की अहमियत को समझें, उनके अनुभवों से प्रेरणा लें। डाक्टर बरखा सिंह ने कहा कि बजुर्गों से हमें बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उनका मनोबल बना रहे, इसलिए उनकी देखभाल ओर उनको भी छोटों के प्यार की जरूरत होती है। आज के कार्यक्रम में पहुंचे मोतीचंद कुशवाहा , ननकु राम गुप्ता, राजेंद्र सोनी ,मदन अग्रवाल सभी का शॉल-श्रीफल और पुष्प गुच्छ भेंट कर कालेज के डॉक्टर शिवशंकर राजवाड़े, बरखा सिंह, दुर्गावती राजवाड़े, अखलेश सेन आदि मौजूद रहे।


