रिम्स के मुख्य द्वार का निर्माण चार माह बाद भी अधूरा, एक महीने में हैंडओवर करने का निर्देश

रिम्स के दुर्गा मंदिर के पास स्थित मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य शुरू होने के तीन-चार माह बाद भी पूरा नही हो सका है। निर्माण कार्य अब तक अधूरा है, जिससे मरीजों, डॉक्टरों, कर्मियों और एंबुलेंस सेवाओं को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। रिम्स प्रबंधन ने इस स्थिति को लेकर पीडब्ल्यूडी विभाग और निर्माण एजेंसी को कई बार अनुस्मारक भेजा, लेकिन निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्य पूरा नहीं किया गया। निर्माण कार्य में देरी के कारण ट्रामा सेंटर तक जाने वाले एम्बुलेंस को अव्यवस्थित व संकरे मार्ग से गुजरना पड़ता है, जिससे गंभीर मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है। अस्थायी प्रवेश व्यवस्था के कारण अस्पताल परिसर में भीड़भाड़ और अव्यवस्था बनी रहती है। रिम्स के संपदा पदाधिकारी डॉ. शिव प्रिये ने ठेकेदार को कई बार चेतावनी भी दी है, लेकिन अब तक न तो संतोषजनक प्रगति हुई है और न ही किसी कारण की स्पष्ट जानकारी दी गई है। इसपर रिम्स प्रबंधन ने निर्माण कार्य में ठेकेदार की ढिलाई पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए स्पष्ट रूप से निर्देश दिया है कि एक महीने के भीतर हर हाल में कार्य पूरा कर मुख्य द्वार को हैंडओवर किया जाए, अन्यथा आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताते चलें कि दैनिक भास्कर ने इस संबंध में पूर्व में कई बार खबरें प्रकाशित की है, यदि मुख्य द्वार जल्द हैंडओवर किया जाता है, तो इससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *