भास्कर न्यूज | जालंधर करप्शन कांड की साजिश में जेल जा चुके आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा के बेटे राजन अरोड़ा और समधी राजू मदान का सुराग लगाने के लिए विजिलेंस फोरेंसिक जांच कर रही है, वहीं सोमवार को विजिलेंस की एक विशेष टीम ने फरार राजू मदान वासी बस्ती गुजां के बेटे गौरव मदान को विजिलेंस दफ्तर में तलब किया। विजिलेंस ने गौरव से लंबी पूछताछ की। गौरव ने कहा-विधायक ससुर रमन अरोड़ा के घर 23 मई को रेड के बाद पापा घर से चल गए थे। थोड़ी देर बाद उनका मोबाइल फोन बंद आने लगा था। इसके बाद नहीं पता कि पापा कहां पर हैं। गौरव ने दावा किया कि उस दिन से पापा से कोई बात नहीं हुई। विजिलेंस ने गौरव से उनके फरार साले राजन को लेकर भी सवाल जवाब किए। तब भी गौरव ने यही कहा कि राजन कहा है। इसके बाद विजिलेंस ने गौरव को घर भेज दिया। विजिलेंस ने राजन और राजू मदान की एक साल की कॉल डिटेल टावर संग निकलवाई है, ताकि पता चले कि उनके दोस्त और छुपने के कौन-कौन से ठिकाने हो सकते हैं। विजिलेंस को राजू मदान की गाड़ी का पता लगा, टोल प्लाजा से निकलवा रही रिकॉर्ड विजिलेंस को सोर्स के जरिये राजू मदान के उस गाड़ी का पता चल गया है, जिसमें बैठ कर वह भागा था। विजिलेंस की एक टीम टोल प्लाजा से 23 मई से लेकर अब तक रिकॉर्ड निकलवा रही है,ताकि पता चले कि गाड़ी कौन से रूट पर गई। एक अधिकारी ने कहा कि राजन और मदान को पकड़ने के लिए विजिलेंस रेड कर रही है। अब तक इस केस में 4 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। बता दें कि 14 मई को विजिलेंस ने एटीपी सुखदेव वशिष्ठ को पकड़ा था। इसके बाद विजिलेंस ने इस केस में विधायक रमन अरोड़ा, उसके राजदार आढ़ती महेश मखीजा और नगर निगम की महिला इंस्पेक्टर हरप्रीत कौर को गिरफ्तार किया था। विधायक के घर से 6,30,245 रुपए और 1200 ग्राम सोने के जेवर बरामद कर चुकी है। मखीजा से 36 लाख कैश मिला था। अब तक विजिलेंस केस में 42,30,245 रुपए, एक थार और करीब 2584 ग्राम सोने के जेवर बरामद कर चुकी है। विधायक रमन अरोड़ा नाभा जेल में बंद है, उनकी कोर्ट में 16 जून को पेशी है।


