कवर्धा| शिक्षक साझा मंच के प्रांतीय आह्वान पर जिले के शिक्षक मंगलवार को फिर एकजुट होंगे। 10 जून को मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें युक्तियुक्तकरण रद्द करने सहित चार सूत्रीय मांगें शामिल हैं। जिला संचालक रमेश चन्द्रवंशी, शिवेंद्र चन्द्रवंशी, प्रेमनारायण शर्मा, परस अंचल और के.डी. वैष्णव ने बताया कि ज्ञापन सौंपने से पहले जिलेभर के शिक्षक सुबह 11 बजे रानी दुर्गावती चौक पर एकत्र होंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, शिक्षा सचिव और लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक को ज्ञापन सौंपा जाएगा। रमेश चन्द्रवंशी ने बताया कि चार सूत्रीय मांगों में सेटअप 2008 के विपरीत किए गए युक्तियुक्तकरण को रद्द करना शामिल है। हाई कोर्ट की डबल बेंच के फैसले के अनुसार एलबी संवर्ग के शिक्षकों को क्रमोन्नति और समयमान वेतनमान का जनरल ऑर्डर जारी करने की मांग की गई है। पूर्व सेवा की गणना कर पुरानी पेंशन और अन्य लाभ देने, पदोन्नति में बीएड की अनिवार्यता खत्म करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।


