मेरिटोरियस स्कूलों में दाखिले के लिए काउंसलिंग आज से, तय समय में रिपोर्ट न करने पर रद्द हो जाएगी सीट

भास्कर न्यूज | जालंधर मेरिटोरियस सोसाइटी के अधीन चल रहे 10 मेरिटोरियस स्कूलों (तलवाड़ा स्कूल केवल लड़कियों के लिए) में कक्षा 11वीं में दाखिले के लिए 4600 सीटों पर दाखिले के लिए काउंसलिंग प्रकिया आज से शुरू हो जाएगी। उम्मीदवारों की काउंसलिंग 10 जून 2025 को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पंजाब के विभिन्न जिलों में तय संस्थानों में होगी। इनमें 2875 सीटें लड़कियों और 1725 सीटें लड़कों के लिए हैं। परीक्षा में योग्य पाए गए कैंडिडेट्स के लिए जारी शेड्यूल के मुताबिक लड़कियों और लड़कों की काउंसलिंग अलग-अलग तारीखों पर होगी। 10 जून को लड़कियों की मेरिट संख्या 1 से 1200 और लड़कों की 1 से 975 की काउंसलिंग होगी। वहीं इसके बाद एक दिन छोड़ कर 12 जून को लड़कियों की मेरिट संख्या 1201 से 2400 और लड़कों की 976 से 1944 तक, 13 जून को लड़कियों की 2401 से 3596 और लड़कों की 1945 से 2916 तक, जबकि 16 जून को लड़कियों की 3597 से 4675 और लड़कों की 2917 से 3334 तक की काउंसलिंग होगी। यदि आरक्षित श्रेणियों में पात्र छात्र नहीं मिलते तो सीटें सामान्य मेरिट सूची से 60:40 के अनुपात में लड़कियों और लड़कों से भरी जाएंगी। दाखिला मेरिट के आधार पर होगा। परीक्षा में हर विषय में कम से कम 33% और कुल मिलाकर 50% अंक जरूरी होंगे। अंक बराबर होने पर उम्र अधिक वाले छात्र को प्राथमिकता मिलेगी। काउंसलिंग ऑनलाइन होगी। दस्तावेजों की जांच जिला स्तर पर होगी। खाली सीटें मेरिट के अनुसार वेटिंग लिस्ट से भरी जाएंगी। दाखिला मिलने के बाद छात्र को एक सप्ताह में स्कूल में रिपोर्ट करना होगा। तय समय में रिपोर्ट न करने पर सीट रद्द मानी जाएगी। रजिस्ट्रेशन फीस के अलावा कोई अन्य शुल्क नहीं लिया जाएगा। फर्जी दस्तावेजों से लिया दाखिला रद्द कर दिया जाएगा। इसके लिए काउंसलिंग में हिस्सा लेने वाले उम्मीदवार 10 मेरिटोरियस स्कूलों में से किसी भी एक मेरिटोरियस स्कूल में जाकर इस काउंसलिंग में हिस्सा ले सकते है। उम्मीदवारों को तय शेड्यूल के अनुसार ही काउंसलिंग में शामिल होना होगा। तय तारीख, समय या शेड्यूल के अनुसार उपस्थित न होने पर बाद में कोई दावा मान्य नहीं होगा। काउंसलिंग के दौरान सीट अलॉट होने पर उम्मीदवार को दो दिन के भीतर संबंधित स्कूल में रिपोर्ट करना होगा। ऐसा न करने पर उसकी सीट खाली मानी जाएगी। उम्मीदवार सूची में दी गई किसी भी संस्था में काउंसलिंग में शामिल हो सकते हैं। काउंसलिंग से जुड़ी किसी भी बदलाव की जानकारी के लिए विभाग की वेबसाइट समय-समय पर चेक करते रहें। वहीं काउंसलिंग में बुलाए जाने का मतलब यह नहीं कि दाखिला पक्का है। दाखिला केवल मेरिट के आधार पर ही होगा। उम्मीदवारों को सुबह 9 बजे तक संबंधित स्कूल में रिपोर्ट करना होगा। देरी की स्थिति में अगले उम्मीदवार को मौका दिया जाएगा । दाखिला केवल उन्हीं उम्मीदवारों को मिलेगा, जिन्होंने 10वीं में एससी/एसटी वर्ग में कम से कम 65% और अन्य वर्गों में कम से कम 70% अंक प्राप्त किए हों। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के पोर्टल से डिजीलॉकर के जरिए डाउनलोड किया गया 10वीं का प्रमाणपत्र मान्य होगा, लेकिन उस पर स्कूल प्रिंसिपल के हस्ताक्षर और मोहर जरूरी है। कुल सीटों में से 60 फीसदी लड़कियों और 40 फीसदी लड़कों के लिए आरक्षित हैं। तलवाड़ा स्कूल की सभी सीटें केवल लड़कियों के लिए हैं। वहीं शारीरिक रूप से विकलांग महिला उम्मीदवारों के लिए 10 फीसदी और पुरुष उम्मीदवारों के लिए 5 फीसदी सीटें आरक्षित हैं। इसके लिए 40फीसदी या उससे अधिक विकलांगता का प्रमाणपत्र जरूरी है। महिला प्रधान परिवारों की लड़कियों के लिए 20 फीसदी आरक्षण है। इसके लिए सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाणपत्र जरूरी है। जिन उम्मीदवारों का परिणाम कंडीशनली क्वालिफाइड घोषित हुआ है, उन्हें काउंसलिंग में यह सुनिश्चित करना होगा कि उन्होंने 10वीं में निर्धारित न्यूनतम अंक प्राप्त किए हैं। एससी/एसटी, महिला प्रधान परिवार, विकलांग और आटा-दाल स्कीम से संबंधित उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी से जुड़े मूल प्रमाणपत्र और उसकी फोटो कॉपी साथ लानी होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *