भास्कर न्यूज | राजपुर बलरामपुर जिले में नकली बीज और खाद के अवैध कारोबार को लेकर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने राजपुर नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-5 में संचालित एक छड़-सीमेंट की दुकान में छापेमारी की, जहां हाइब्रिड धान की अवैध पैकिंग की जा रही थी। यह कार्रवाई रविवार रात 8 बजे एसडीएम राजू जेम्स कुजूर, तहसीलदार पूनम रश्मि कुजूर और स्थानीय पुलिस की टीम ने की। टीम ने राजकुमार अग्रवाल की दुकान और गोदाम में दबिश दी, जहां अवैध रूप से हाइब्रिड धान की पैकिंग की जा रही थी। छापे की भनक लगते ही दुकान संचालक ने खुद को अंदर बंद कर लिया। इसके बाद राजस्व विभाग ने तत्काल दुकान को सील कर दिया और पुलिस बल की तैनाती की। अगले दिन सुबह 7 बजे फिर से राजस्व और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दुकान की बारीकी से तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान से हायर कंपनी के 93 बोरी हाइब्रिड धान, 255 बोरी में सिंपल धान, धान की पन्नी, तौलने और पैकिंग करने की मशीनें बरामद की गईं। जब्त किए गए समानों को सूचीबद्ध कर अग्रिम जांच के लिए सुरक्षित रखा।


