अंबिकापुर | शहर के खरसिया नाका के पास से एटीसी कंपनी के टावर से चोर ने केबल चोरी किया। टेक्नीशियन लाखन सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना 8 जून की रात 2.30 बजे की है। टेक्नीशियन उस समय खरसिया नाका के दूसरी साइड अग्रसेन चौक स्थित टावर पर रिप्लेसमेंट का काम कर रहा था। तभी खरसिया नाका साइट टावर से डाउन का मैसेज आया। कंपनी की टीम में शामिल पंकज गुप्ता, दिनेश प्रताप और अजित पाठक मौके पर पहुंचे। वहां देखा कि एक चोर टावर पर चढ़ा हुआ था। वह टावर में लगे आरआरयू पावर केबल को काटकर नीचे फेंक रहा था। नीचे उसका एक साथी कटे हुए केबल को इकट्ठा कर रहा था। कंपनी की टीम को अपनी ओर आता देख नीचे खड़ा चोर केबल लेकर भाग गया। टावर पर चढ़े चोर को पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम अमरेश बिंझवार निवासी भाथूपारा अंबिकापुर बताया। उसने बताया कि उसका साथी विवेक था, जो भाग गया।


