युवाओं से किया आह्वान, राष्ट्रहित में संघ से जुड़ें

भास्कर न्यूज | सीतापुर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सीतापुर मंडल ने नगर के सांस्कृतिक भवन में हिंदू साम्राज्य दिनोत्सव का आयोजन किया। कार्यक्रम में समाज जागरण और राष्ट्रहित के लिए युवाओं से संघ से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे गिरवर भगत ने अपने उद्बोधन में कहा कि संघ बीते 100 वर्षों से राष्ट्र निर्माण, संस्कृति संरक्षण और सामाजिक समरसता की दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को संघ के सेवा कार्यों से जुड़कर समाज के उत्थान में भागीदार बनना चाहिए। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित बंदे राम बैरागी, सह विभाग कार्यवाह (सरगुजा विभाग) ने अपने बौद्धिक में छत्रपति शिवाजी महाराज के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि मुगल आक्रांताओं के अत्याचारों से आतंकित भारतीय समाज को शिवाजी महाराज ने साहस और संगठन से एकजुट किया था। उन्होंने कहा कि आज भी भारतीय समाज विभिन्न प्रकार के वैचारिक आक्रमणों और धर्मांतरण जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है। ऐसी परिस्थितियों में समाज का दायित्व है कि वह संघ के साथ खड़ा होकर राष्ट्रहित में कार्य करे। बैरागी ने संघ के शताब्दी वर्ष को दृष्टिगत रखते हुए “पंच परिवर्तन” की चर्चा की और कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्य बोध और स्वत्व की पहचान करनी होगी। उन्होंने कहा कि रोजाना एक घंटा शाखा में भाग लेना व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्रनिर्माण दोनों के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम में सीतापुर मंडल के मंडल पालक कमलेश बरगाह समेत बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *