छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 3 दिन में चौथा मर्डर हुआ है। सोमवार की शाम पति ने गला घोंटकर पत्नी को मार डाला। इससे पहले रविवार की रात जमीन विवाद के चलते मंझले भाई, उसकी पत्नी और बेटों ने मिलकर बड़े भाई की हत्या कर दी थी। वहीं, शनिवार को बिल्हा और रविवार की रात सकरी में हत्या की वारदात हुई थी। पत्नी की हत्या का मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। शराब पीने से नाराज होकर मायके आई थी पत्नी दरअसल, पति के शराब पीने से नाराज पत्नी 15 दिन पहले अपने मायके लालखदान महमंद आ गई। यह बात पति को नागवार गुजरा। सोमवार को वह भी अपने ससुराल महमंद पहुंच गया। जहां, साली को घर के बाहर चॉकलेट लेने भेजा, जिसके बाद पत्नी के गले में बंधे काले धागे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। लालखदान महमंद निवासी संतोष सूर्यवंशी की बेटी मुस्कान सूर्यवंशी की शादी 2 साल पहले मस्तूरी के वेद परसदा में रहने वाले अंकित लास्कर से हुई थी। अंकित शराब पीने का आदी था। 15 दिन पहले शराब पीने को लेकर मुस्कान और अंकित के बीच विवाद हुआ था। आरोपी ने मस्तूरी थाने में किया सरेंडर अंकित ने मुस्कान के साथ मारपीट की थी। इसकी जानकारी मिलने पर संतोष अपनी बेटी को अपने साथ घर ले आया। सोमवार को मुस्कान और छोटी बेटी घर पर थी। इसी दौरान अंकित घर आया और साली को चॉकलेट लेने बाहर भेज दिया। उसके बाद मुस्कान से विवाद करने लगा। दोनों के बीच हाथापाई हुई। इस दौरान अंकित ने मुस्कान के गले में बंधे काले रंग के धागे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वो सीधे मस्तूरी थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। बहन आई तो बंद मिला दरवाजा, बेहोश पड़ी थी मुस्कान इस बीच जब छोटी बहन चॉकलेट लेकर घर पहुंची, तब दरवाजा बाहर से बंद मिला। वहीं, अंदर में उसकी बड़ी बहन मुस्कान बेहोश पड़ी थी। लोगों ने बताया कि अंकित दरवाजा बाहर से बंद कर जा रहा था। परिजन आनन-फानन में मुस्कान को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बताया। मस्तूरी थाने से मिली हत्या की जानकारी इधर, तोरवा पुलिस को महिला की हत्या की खबर तक नहीं थी। परिजन अस्पताल में थे। मस्तूरी थाने से जानकारी दी गई कि आरोपी अपनी पत्नी की हत्या कर सरेंडर करने आया है। इसकी खबर मिलते ही तोरवा पुलिस मृतका की जानकारी जुटाने के बजाय आरोपी को लेने मस्तूरी थाने पहुंच गई। जिसके बाद पुलिस ने देर रात आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार करने का दावा किया। अस्पताल में महिला को देखने तक नहीं गई पुलिस इधर, तोरवा टीआई अभय बैस ने बताया कि हत्या की जानकारी मिलने पर पहले आरोपी की धरपकड़ की गई। इस दौरान पुलिस न तो मृतका महिला की जानकारी लेने अस्पताल गई और न हीं परिजन से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अब तक घटनास्थल का निरीक्षण नहीं किया है। मंगलवार को पुलिस एफएसएल की टीम के साथ मौके पर जाकर घटना स्थल कर निरीक्षण करेगी। जिसके बाद शव का पंचनामा और पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। 3 दिन में हत्या की 4 वारदातें जिले में पिछले 3 दिन से सिलसिलेवार हत्या की वारदात हो रही है। शनिवार को बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम केसला में घनश्याम साहू (75) ने पहले अपनी पत्नी इंदिरा साहू (63) पर हसिया से हमला किया और उसकी हत्या कर दी, जिसके बाद उसने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिसके बाद रविवार को सकरी क्षेत्र के बहतराई में मामूली विवाद पर गुस्साए पति गौरीशंकर साहू (27) ने पास रखे तवे से अपनी पत्नी रत्ना साहू (25 साल) के सिर और चेहरे पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस हत्या के इस मामले की जांच कर रही थी कि रात में हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम खरकेना में हत्या की वारदात हो गई। यहां जमीन पर विवाद मंझले भाई, उसकी पत्नी और बेटों ने मिलकर बड़े भाई की हत्या कर दी।


