गिरिडीह-कोडरमा मुख्य मार्ग पर पांडेयडीह के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने पैदल जा रहे राजेश पांडेय को कुचल दिया। हादसे में राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने जाम खत्म करवाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने की मांग पर अड़े रहे। करीब डेढ़ घंटे बाद खोरीमहुआ एसडीओ और धनवार सीओ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खत्म हुआ। हीरोडीह थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


