छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में स्थित रुद्री गांव के आनंद पारा में पीलिया फैला हुआ है। कलेक्ट्रेट से लगभग 2 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में पिछले एक महीने से यह बीमारी लगातार फैल रही है। इससे दर्जनों लोग पीड़ित हुए वर्तमान में 5 एक्टिव केस है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या की जड़ गलत तरीके से किया गया नाली निर्माण है। नाली का ढलान उचित नहीं होने के कारण पानी टंकी के पास जमा हो जाता है। इससे वहां हमेशा दलदल जैसी स्थिति बनी रहती है। ग्रामीणों का मानना है कि यही पीलिया का मुख्य कारण है। हर एक बच्चे को पीलिया की शिकायत मरीज की परिजन अश्वनी साहू ने बताया कि उनके घर में दो बच्चो को पीलिया की बीमारी हुई थी। जिसमें से एक लड़का और एक लड़की है। उन्होंने बताया कि उनके घर में बोर का पानी पी रहे हैं। जिसके बाद भी पीलिया की बीमारी हो गई। बच्चे पीलिया से गंभीर हो गए थे। बताया कि गांव के आनंद पारा में हर एक बच्चे को पीलिया की शिकायत थी। रुद्री ग्राम पंचायत के सरपंच ने बताया सूचना मिली थी कि पानी की वजह से पीलिया की बीमारी हो रही है। इसके बाद पीएचई विभाग में निरीक्षण किया। उनके द्वारा पानी की वजह से नहीं होने की बात कही। और स्वास्थ्य विभाग के द्वारा उबालकर पानी पीने की हिदायत दी गई है। सरपंच ने यह भी बताया एक माह में करीब 10 से 12 लोगों को पीलिया की बीमारी हुई। और टंकी के पास दलदल होने की खबर मिली है जिसका निवारण जल्द किया जाएगा। ‘पानी का सैंपल लिए, सुरक्षित है’ स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने गांव में विशेष शिविर लगाया। ग्रामीणों को पीलिया से बचाव के लिए दवाइयां बांटी गईं है। पीएचई विभाग ने पानी के नमूने की जांच की। जांच में पानी सुरक्षित पाया गया। हालांकि, विभागीय प्रयासों के बावजूद बीमारी पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। अब तक दर्जनों लोग इस बीमारी से प्रभावित हो चुके हैं। वर्तमान में भी 4-5 लोग पीलिया से पीड़ित हैं। स्थानीय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत और स्वास्थ्य विभाग को सक्रिय कर दिया है। फिर भी गांव में अभी भी दहशत का माहौल बना हुआ है। टंकी साफ नहीं होने की आशंका जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि रुद्री ग्राम पंचायत में फैली हुई पीलिया पर नियंत्रण पा लिया गया है। पहले पीलिया की शिकायत रुद्री ग्राम पंचायत से मिली थी। इसके बाद सैंपल भी दिया गया। साथ ही घर-घर सर्वे किया जा रहा है। नए मरीजों का जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग को शंका है कि पानी टंकी को साफ नहीं करवाया गया है। नीचे दलदल होने के कारण पीलिया की शिकायत मिल रही है।


