कानपुर IIT की छात्रा ने ACP मोहसिन खान और उनके वकील गौरव दीक्षित के खिलाफ एक और FIR दर्ज कराई है। छात्रा ने मंगलवार को पुलिस अधिकारियों को तहरीर दी थी। इस पर देर रात कल्याणपुर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली। छात्रा के यौन शोषण के मामले में ACP मोहसिन खान के खिलाफ इससे पहले 12 दिसंबर को FIR दर्ज हुई थी। उस समय पुलिस ने ACP की गिरफ्तारी में लापरवाही की। इसके बाद ACP हाईकोर्ट चला गया था। हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए ACP को अरेस्ट स्टे दे दिया था। छात्रा ने आरोप लगाया कि ACP के वकील ने ऐसे कई बयान और झूठे कागजात का हवाला देकर उसे बदनाम किया। जिसका सहारा लेकर सोशल मीडिया पर उसे लोग ट्रोल कर रहे हैं। मंगलवार को पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों को सारे सबूत सौंप दिए। कहा- अरेस्टिंग स्टे आदेश के बाद मोहसिन खान अपनी शक्ति और प्रभाव का उपयोग कर मुझे डरा-धमका रहे। मैं अपने निवास IIT कानपुर से बाहर नहीं जा पा रही हूं। मेरे जीवन को खतरा है। छात्रा बोली- मुझे सोशल मीडिया पर बदनाम कर दिया
छात्रा ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि मेरे शादीशुदा होने और कई लोगों से रिलेशन होने की अनर्गल बातें ACP और उसके वकील गौरव दीक्षित ने कही हैं। उन्होंने इस मामले में तमाम बयान इधर-उधर दिए। इससे वो डिप्रेशन में चली गई। दोनों ने पीड़िता को डराकर रखा है। पीड़िता ने अधिकारियों से गुहार लगाई कि दोनों के खिलाफ कार्रवाई होनी ही चाहिए। उनके कमेंट्स के कारण इमेज काफी खराब हो गई है। FIR में क्या दर्ज कराया
अरेस्टिंग स्टे के बाद मोहसिन अपनी पावर से डरा रहा
मैं PPS अधिकारी मोहम्मद मोहसिन खान के खिलाफ दर्ज यौन उत्पीड़न मामले की शिकायतकर्ता हूं। मैं इस पत्र के माध्यम से आपको सूचित करना चाहती हूं कि आरोपी और उनके सहयोगी मुझे बदनाम कर रहे हैं।धमकी दे रहे, इससे मेरे जीवन को खतरा है। हाईकोर्ट से अरेस्टिंग स्टे आदेश के बाद मोहसिन खान ने अपनी शक्ति और प्रभाव का उपयोग कर मुझे डराने-धमकाने और नुकसान पहुंचाने की हर संभव कोशिश की है। IIT कानपुर से बाहर नहीं जा पा रही हूं
मोहसिन खान के वकील गौरव दीक्षित ने मुझ पर निर्दोष बच्चे को मारने का प्रयास करने का झूठा आरोप लगाया है। मेरी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए बिना सबूत के आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने मेरे शादीशुदा होने के झूठे कागजात कोर्ट में पेश किए और मीडिया में बयान दिए। मुझे धमकी दी जा रही है कि मेरे खिलाफ झूठी FIR दर्ज की जाएगी, ताकि चल रहे मामले से ध्यान हटा सके। मोहसिन खान पुलिस अधिकारी के रूप में बड़ी पहुंच वाला है, इससे मैं अपनी सुरक्षा को लेकर डरी हूं। उनकी आक्रामक कार्रवाई और प्रभाव के कारण मैं अपने निवास IIT कानपुर से बाहर नहीं जा पा रही हूं। मेरे जीवन को खतरा है। मोहसिन साथ थे कि नहीं, इसे लेकर वीडियो सौंपे
तहरीर के अलावा छात्रा ने पुलिस अधिकारियों को उन म्यूजिक कॉन्सर्ट के वीडियो भी सौंपे, जिसमें मोहसिन और छात्रा कपल डांस करते दिख रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह सारे वीडियो और फोटो का इस्तेमाल यह प्रूव करने के लिए किया जाएगा कि मोहसिन खान ने कैसे पीड़िता को बहलाने के लिए जाल बुना था। IIT में चार के बयान दर्ज
SIT ने सोमवार को IIT में चार अन्य लोगों के बयान दर्ज किए। इसमें दो गार्ड, एक प्रोफेसर और एक पीड़िता का दोस्त शामिल हैं। इन सभी ने भी छात्रा और ACP के संबंधों के बारे में बताया। इसके साथ ही SIT ने फोरेंसिक विभाग को रिमाइंडर भेज रिपोर्ट मांगी है। सूत्रों के अनुसार, पीड़िता के मोबाइल से जो वॉट्सऐप चैट और मैसेज रिकवर किया गया है। उसकी भी जांच कराई जा रही है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर BNS की धारा 356 (2) यानी मानहानि और 351(1) यानी सम्मान को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने के आरोपों में केस दर्ज किया गया है। ACP मोहसिन खान और एडवोकेट गौरव दीक्षित के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। विवेचना में जो भी सबूत सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। – अभिषेक पांडेय, ACP कल्याणपुर 12 दिसंबर को यौन शोषण की पहली FIR दर्ज हुई थी
छात्रा ने 12 दिसंबर को कलक्टरगंज ACP रहे मोहसिन खान पर शादी का झांसा देकर यौन उत्पीड़न की FIR दर्ज कराई थी। इसके बाद तत्काल प्रभाव से ACP को पुलिस हेडक्वार्टर अटैच कर दिया गया था। मामले की जांच के लिए SIT बनाई गई है। टीम को DCP साउथ अंकिता शर्मा लीड कर रही हैं। 19 दिसंबर को हाईकोर्ट ने मोहसिन को अरेस्टिंग स्टे और अगली सुनवाई तक चार्जशीट लगाने पर रोक लगा दी। इससे छात्रा को गहरा सदमा लगा है। अब पढ़िए 27 साल की छात्रा की आपबीती
मेरी मुलाकात दिसंबर, 2023 में IIT कानपुर में ACP मोहसिन से हुई। एक-दूसरे का मोबाइल नंबर लिया। 23 जून, 2024 को उन्होंने मुझे फोन किया। कहा- मेरे गाइड में IIT से पीएचडी करना चाहते हैं। इसके लिए हेल्प चाहिए। मैंने हां कर दी। मैंने उनकी एडमिशन फीस जमा कराई। वॉक इन इंटरव्यू के टिप्स दिए। यहां उन्होंने इंटरव्यू दिया। उन्हें एडमिशन मिल गया। फिर हम दोनों करीब आ गए। इसी बीच खान ने रिश्ते का प्रस्ताव दिया। कहा- वह अविवाहित हैं। उस वक्त मैं एक ब्रेकअप के दर्द से गुजर रही थी। अकेलापन महसूस होता था, इसलिए भरोसा कर लिया। हम दोनों हॉस्टल के रूम में समय बिताने लगे। ACP ने मेरे साथ संबंध बनाए। इसी बीच, मुझे पता चला कि वह शादीशुदा हैं। इस बात को लेकर मेरा उनसे झगड़ा हुआ। तब जाकर मोहसिन ने मुझे कहा- उनका पत्नी से तलाक होने वाला है। उनकी 5 साल की बेटी है। फिर मैंने उन पर भरोसा कर लिया। इसी साल, 27 नवंबर को ACP पिता बने, तब जाकर सच्चाई सामने आई। इसके बाद मुझे अपने साथ धोखे का एहसास हुआ। मैं ACP के घर गई। तब पता चला कि तलाक की बात झूठी है। एसीपी अपनी पत्नी से कभी अलग नहीं हुए थे। छात्रा को निगरानी में रखा गया है। ————– ये खबर भी पढ़ें : पीलीभीत एनकाउंटर पर खालिस्तानी आतंकी पन्नू बोला-महाकुंभ में बदला लेंगे: 14, 29 जनवरी और 3 फरवरी याद कर लें; मोदी-योगी को अपशब्द कहे उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में 3 खालिस्तानी आतंकियों के एनकाउंटर पर गुरपतवंत सिंह पन्नू ने धमकी भरा वीडियो जारी किया है। उसने प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू होने वाले महाकुंभ मेले में पीलीभीत एनकाउंटर का बदला लेने का ऐलान किया। पन्नू खालिस्तानी आतंकी है। पढ़िए पूरी खबर…


