रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक तीन मंजिली इमारत में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते सामान जलकर खाक हो गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह जो सामने आई है, उसके मुताबिक इलेक्ट्रिक को चार्ज में लगाया गया था। चार्ज के दौरान स्कूटी में शॉर्ट सर्किट हुई जिससे आग फैल गया। स्कूटी के पास रखे अन्य सामानों ने भी तुरंत आग पकड़ ली। इस दौरान घर में रखा एक इलेक्ट्रिक ऑटो भी जलकर खाक हो गया। फायर ब्रिगेड ने मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू घटना की जानकारी मिलते ही हिंदपीढ़ी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आग की तीव्रता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी से काम नहीं चला। पहले राउंड में पानी खत्म होने के बाद दूसरी बार टैंकर भरकर लाई गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दमकलकर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोका, जिससे अन्य इमारतें और घर इसकी चपेट में आने से बच गए। घर के लोग समय रहते बाहर निकले, बड़ा हादसा टला जिस समय आग लगी, उस वक्त घर में लोग मौजूद थे। लेकिन जैसे ही धुआं और लपटें फैलीं, घर के सदस्य घबरा गए और समय रहते बाहर निकलने में कामयाब रहे। इस वजह से किसी की जान नहीं गई। हालांकि, घर के अंदर रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, आसपास के लोग भी आग बुझाने में मदद के लिए पहुंचे लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भीतर नहीं जा सका। समय पर मिली सूचना से बड़ी घटना टली हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी सुनिल कुशवाहा के मुताबिक आग योहान सुलेमान नामक व्यक्ति के घर में लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने फौरन फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। दमकल की टीम की त्वरित कार्रवाई के कारण आग को समय रहते बुझा लिया गया, जिससे अन्य मकानों तक इसकी चपेट नहीं पहुंच पाई। थाना प्रभारी ने कहा कि अगर थोड़ी भी देर होती, तो एक बड़ी घटना घट सकती थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।


